News Capsule/न्यूज कैप्सूल: रिकॉर्ड स्तर पर लाल मिर्च के भाव, सीमित उपलब्धता से बाजार मजबूत, मौसम पर टिकी आगे की दिशा

31-Jul-2026 04:21 PM

News Capsule/न्यूज कैप्सूल: रिकॉर्ड स्तर पर लाल मिर्च के भाव, सीमित उपलब्धता से बाजार मजबूत, मौसम पर टिकी आगे की दिशा
★ जुलाई 2026 में लाल मिर्च के बाजार में लगातार तेजी देखने को मिली। गुन्टूर की तेजा क्वालिटी के भाव 1 जुलाई के ₹21,500 प्रति क्विंटल से बढ़कर 31 जुलाई तक ₹23,200 प्रति क्विंटल के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए। वहीं, वारंगल में तेजा मिर्च के भाव भी ₹22,750 प्रति क्विंटल दर्ज किए गए।
★ हाल ही में चीन ने मेथामिडोफोस कीटनाशक अवशेष अधिक पाए जाने का दावा करते हुए भारत की कुछ लाल मिर्च खेपों को अस्वीकार कर दिया है और तीन भारतीय निर्यातकों से आयात अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। हालांकि चीन भारत की लाल मिर्च का सबसे बड़ा खरीदार है और सामान्यतः हर वर्ष 1.5 से 1.9 लाख टन मिर्च आयात करता है, लेकिन फिलहाल इस घटनाक्रम का घरेलू कीमतों पर कोई बड़ा असर नहीं दिखा है।
★ इसकी सबसे बड़ी वजह पिछले सीजन का कम उत्पादन और बाजार में सीमित उपलब्धता है। घरेलू मांग मजबूत बनी हुई है, जिससे लाल मिर्च के भाव रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार कर रहे हैं। हालांकि मई 2026 में निर्यात घटकर 34,263 टन रहा, जबकि मई 2025 में यह 50,008 टन था। वहीं जनवरी–मई 2026 के दौरान कुल निर्यात 2.01 लाख टन रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 3.85 लाख टन से कम है।
★ आने वाले सीजन में मानसून और वर्षा की स्थिति नई फसल के लिए निर्णायक रहेगी। यदि बारिश अनुकूल नहीं रहती और उत्पादन प्रभावित होता है, तो बाजार को और मजबूती मिल सकती है।
★ रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद निकट अवधि में मुनाफावसूली के कारण कुछ नरमी आ सकती है। लेकिन लंबी अवधि में सीमित उपलब्धता, मौसम संबंधी जोखिम और मजबूत घरेलू मांग को देखते हुए लाल मिर्च के भाव नए रिकॉर्ड स्तर बनाने की क्षमता रखते हैं।

Latest News