News Capsule/न्यूज कैप्सूल: मानसून रीलोड: डिप्रेशन के असर से इस सप्ताह कई राज्यों में झमाझम बारिश: IMD

06-Jul-2026 08:36 AM

News Capsule/न्यूज कैप्सूल: मानसून रीलोड: डिप्रेशन के असर से इस सप्ताह कई राज्यों में झमाझम बारिश: IMD
★ मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ी। बंगाल की खाड़ी में बने सीजन के पहले डिप्रेशन के कारण पूर्वी, मध्य, पश्चिमी और उत्तर-पश्चिम भारत में इस सप्ताह भारी से अति भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।
★ ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, कोंकण, मुंबई तथा उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में गुरुवार तक अच्छी बारिश होने का अनुमान है।
★ यह सिस्टम पश्चिमी विक्षोभ के साथ मिलकर मध्य और पश्चिम भारत में वर्षा की तीव्रता बढ़ा सकता है। इसके चलते पहले से जलभराव वाले क्षेत्रों में भी भारी बारिश की आशंका बनी हुई है।
★ बारिश की वापसी से मानसून की कमी में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। मध्य भारत में वर्षा की कमी घटकर 23% और पूरे देश में 27% रह गई है। अगले कुछ दिनों में मानसून के राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों में भी पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद पूरे देश में मानसून का विस्तार पूरा हो सकता है।
★ हालांकि सप्ताह के दूसरे हिस्से में मध्य भारत और पश्चिमी तट पर बारिश की गतिविधियां कुछ कमजोर पड़ सकती हैं, जबकि बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर भारत में वर्षा का जोर बढ़ने की संभावना है।