News Capsule/न्यूज कैप्सूल: अगस्त में कम बारिश से खाद्यानों और सब्जियों के दाम पहले बढ़ने की आशंका

06-Aug-2026 01:12 PM

News Capsule/न्यूज कैप्सूल: अगस्त में कम बारिश से खाद्यानों और सब्जियों के दाम पहले बढ़ने की आशंका
★ आईएमडी द्वारा अगस्त में सामान्य से कम बारिश का अनुमान जताए जाने के बाद खाद्य महंगाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यदि अगस्त में वर्षा कमजोर रहती है तो सबसे पहले सब्जियों की कीमतों पर असर पड़ सकता है, क्योंकि इनकी फसल अवधि कम होती है और मौसम में बदलाव का प्रभाव तुरंत दिखाई देता है। टमाटर, प्याज, फूलगोभी, पत्तागोभी, सेम और हरी सब्जियों के दाम बढ़ सकते हैं।
★ इसके बाद अरहर, उड़द और मूंग जैसी खरीफ दलहनों की कीमतों पर दबाव बन सकता है, क्योंकि इनकी खेती काफी हद तक मानसून पर निर्भर है। धान की फसल पर भी असर पड़ सकता है, हालांकि सरकारी बफर स्टॉक और सिंचाई सुविधाओं के कारण चावल की कीमतों में तत्काल तेज वृद्धि की संभावना कम मानी जा रही है।
★ कम वर्षा से सोयाबीन और मूंगफली उत्पादन प्रभावित होने पर खाद्य तेलों की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है, हालांकि भारत अपनी लगभग 60% खाद्य तेल जरूरत आयात से पूरी करता है। आईएमडी ने अगस्त-सितंबर में सामान्य से कम वर्षा की संभावना जताई है, जबकि जुलाई में देशभर में वर्षा सामान्य से 1% अधिक दर्ज की गई थी।