नए पोस्ता की आवक शुरू : कीमतों में गिरावट

25-Feb-2026 06:37 PM

नई दिल्ली। चालू सप्ताह के दौरान पोस्ता की कीमतों में 35/40 रुपए प्रति किलो की गिरावट दर्ज की जा चुकी है और अभी भी बाजार में धारणा मंदे की बनी हुई है। जानकारों का कहना है कि प्रमुख उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश एवं राजस्थान  में अफीम की बिजाई के पट्टे सरकार द्वारा गत वर्ष के बराबर दिए जाने के कारण उत्पादन भी संतोषजनक होने के समाचार मिल रहे हैं। हालांकि गत दिनों हुई बारिश से फसल को 5/10 प्रतिशत के नुकसान के अनुमान लगाए जा रहे थे। जोकि प्रत्येक वर्ष होता है। कुल मिलाकर इस वर्ष भी पोस्ता का उत्पादन अच्छा माना जा रहा है। साथ ही मौसम द्वारा भी फसल का साथ दिए जाने से क्वालिटी भी अच्छी आने की संभावना है। 

वर्तमान में नीमच मंडी में नए मालों की आवक का श्रीगणेश हो गया है और नए पोस्ता का भाव 1110 रुपए प्रति किलो बोला गया है। सूत्रों का कहना है कि होली पर्व के पश्चात आवक का दबाव बनना शुरू हो जाएगा। जिस कारण से अभी बाजार मंदे रहेंगे। वर्तमान में नीमच मंडी में पोस्ता टिनोपाल का भाव 1400/1410 रुपए बोला जाने लगा है जोकि चालू माह के शुरू में 1440/1450 रुपए चल रहा था। कमजोर मांग एवं बढ़ती बिकवाली के कारण खपत केन्द्रों पर पोस्ता के दाम मंदे के साथ बोले जा रहे हैं। सूत्रों का मानना है कि आवक का दबाव बनने पर पोस्ता के भाव 50/70 रुपए प्रति किलो घट सकते हैं। 

उत्पादन अनुमान 

फसल की स्थिति अभी तक अच्छी होने के कारण संभावना व्यक्त की जा रही है कि चालू सीजन के दौरान मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में पोस्ता का उत्पादन 9 हजार टन के आसपास होने के अनुमान लगाए जा रहे है। जबकि वर्ष 2025 में उत्पादन 8/8.50 हजार का रहा था। वर्ष 2024 में उत्पादन 7.5/8 हजार टन एवं वर्ष 2023 में 6/6.50 हजार का माना गया था। 

आयात 

हालांकि विगत तीन वर्षों से सरकारी तौर पर पोस्ता का आयात नहीं हो रहा है लेकिन दो नंबर में आयात बराबर हो रहा है। जिस कारण से कीमतों में अधिक तेजी नहीं बन पा रही है। 

भाव 

सूत्रों का कहना है कि मार्च-अप्रैल माह में मंडियों में नए मालों की आवक का दबाव होने के कारण कीमतों में तेजी संभव नहीं है। लेकिन गर्मी का सीजन शुरू हो जाने के पश्चात मई माह से कीमतों में अवश्य ही सुधार होगा। क्योंकि पोस्ता की खपत ठंडाई बनाने में अधिक होती।