जनवरी में कैलिफोर्नियाई बादाम की घरेलू एवं निर्यात बिक्री में गिरावट

25-Feb-2026 03:53 PM

साकरामेंटों। जनवरी 2025 की तुलना में जनवरी 2026 के दौरान कैलिफोर्निया बादाम की घरेलू बिक्री 6.20 करोड़ पौंड से 17 प्रतिशत घटकर 5.10 करोड़ पौंड रह गई। इसी तरह वहां से बादाम का विदेशों में होने वाला निर्यात भी इस अवधि में 16.70 करोड़ पौंड से 7 प्रतिशत गिरकर 15.50 करोड़ पौंड पर अटक गया।

इसके फलस्वरूप कैलिफोर्निया से जनवरी 2026 में बादाम की कुल घरेलू एवं निर्यात बिक्री घटकर 20.60 करोड़ पौंड पर सिमट गई जो वर्ष 2025 के जनवरी माह की सकल बिक्री 22.90 करोड़ पौंड से लगभग 10 प्रतिशत कम रही। 

मार्केटिंग सीजन की बिक्री भी कमजोर रही। पिछले सीजन की तुलना में यह 7 प्रतिशत कम रही। इसके तहत घरेलू बिक्र में 18 प्रतिशत एवं निर्यात बिक्री में 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। भारत कैलिफोर्नियाई बादाम का सबसे प्रमुख खरीदार माना जाता है।

हालांकि वहां पिछले मार्केटंग सीजन के मुकाबले इस बार निर्यात में 12 प्रतिशत की गिरावट रही मगर हाल के महीनों में इसकी रफ्तार तेज हुई है तथा आगामी समय में भी मांग मजबूत रहने की संभावना है।

दूसरी ओर स्पेन में इसका निर्यात 13 प्रतिशत बढ़ा और इटली में भी यह बढ़कर 287 लाख पौंड पर पहुंच गया। लेकिन पश्चिमी यूरोप में निर्यात 3 प्रतिशत गिर गया। पिछले सीजन में वहां 295 लाख पौंड बादाम का निर्यात हुआ था। उस समय नीदरलैंड और जर्मनी ने इसका अच्छा आयात किया था।  

इसके अलावा कैलिफोर्नियाई बादाम के निर्यात में संयुक्त अरब अमीरात में 3 प्रतिशत, तुर्की में 17 प्रतिशत एवं मोरक्को में 24 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई। मध्य पूर्व एशिया एवं अफ्रीका में निर्यात 5 प्रतिशत सुधरकर 26 करोड़ पौंड पर पहुंच गया।