मेथी उत्पादन गत वर्ष की तुलना में कम
24-Mar-2026 07:32 PM
नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं गुजरात में किसानों द्वारा कम क्षेत्रफल में बिजाई किए जाने के कारण चालू सीजन के दौरान मेथी की पैदावार गत वर्ष की तुलना में कम रहेगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश में इस वर्ष मेथी की बिजाई 14 प्रतिशत घटकर 55.40 हजार हेक्टेयर की रह गई। जबकि राजस्थान में बिजाई 41.75 हजार हेक्टेयर पर की गई है जोकि गत वर्ष की तुलना में 12 प्रतिशत कम है। गुजरात में भी बिजाई गत वर्ष के 18.60 हजार हेक्टेयर के मुकाबले 17.50 हजार हेक्टेयर पर की गई है। कुल मिलाकर इस वर्ष देश में मेथी की बिजाई का क्षेत्रफल 1.15 लाख हेक्टेयर का रहा जबकि वर्ष 2025 में बिजाई 1.30 लाख हेक्टेयर पर की गई थी।
उत्पादन अनुमान
प्राप्त जानकारी के अनुसार चालू सीजन के दौरान मध्य प्रदेश में मेथी का उत्पादन 7.38 लाख क्विंटल होने के अनुमान लगाए जा रहे हैं जबकि गत वर्ष उत्पादन 8.49 लाख क्विंटल के लगाए गए थे। राजस्थान में उत्पादन गत वर्ष के 6.09 लाख क्विंटल के मुकाबले 5.40 लाख क्विंटल होने के समाचार है जबकि गुजरात उत्पादन 2.42 लाख क्विंटल माना जा रहा है गत वर्ष गुजरात में उत्पादन 2.57 लाख क्विंटल का रहा था।
आवक
वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर नए मालों की आवक शुरू हो गई है। गुजरात की राजकोट मंडी में नए मालों की आवक 2500 बोरी की हो रही है और क्वालिटी भाव 5250/6750 रुपए बोले जा रहे है। मध्य प्रदेश की नीमच मंडी में आवक 2 हजार बोरी के आसपास चल रही है और भाव 5700/6000 रुपए बोले जा रहे है। जावरा मंडी में भी आवक 2000/2500 बोरी की हो रही है भाव 5750/6200 रुपए बोले गए। राजस्थान की कोटा मंडी में नए मालों की आवक 150/200 बोरी की शुरू हो गई है और भाव 5200/5600 रुपए बोले जा रहे हैं। नौखा मंडी में भी आवक 200/300 बोरी की हो रही है। सूत्रों का कहना है कि आगामी दिनों में आवक का दबाव बनने पर कीमतों में 200/300 रुपए की गिरावट आ सकती है इससे अधिक मंदे के आसार नहीं है।
निर्यात
चालू वित्त वर्ष 2025-26 के प्रथम नौ माह में मेथी के निर्यात में 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है जबकि आय में 6 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल-दिसम्बर- 2025 में मेथी का निर्यात 37226 टन का हुआ और निर्यात से प्राप्त आय 278.29 करोड़ की रही। गत वर्ष इसी समयावधि में 31682 टन का निर्यात हुआ और प्राप्त आय 262.41 करोड़ की रही।
