मक्का एवं रागी के बिजाई क्षेत्र में भारी गिरावट
17-Aug-2026 08:00 PM
नई दिल्ली। पिछले साल के मुकाबले वर्तमान खरीफ सीजन में मोटे अनाजों का कुल उत्पादन क्षेत्र 177.13 लाख हेक्टेयर से 4.17 लाख हेक्टेयर घटाकर 172.96 लाख हेक्टेयर रह गया। इसके तहत खासकर मक्का और रागी के बिजाई क्षेत्र में ज्यादा गिरावट आई है जबकि ज्वार एवं बाजरा का बिजाई क्षेत्र गत वर्ष से आगे हो गया है।
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में मौजूदा खरीफ सीजन के दौरान ज्वार का उत्पादन क्षेत्र 12.61 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 13.30 लाख हेक्टेयर तथा बाजरा का बिजाई क्षेत्र 63.29 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 63.98 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया लेकिन रागी का रकबा 5.26 लाख हेक्टेयर से घटकर 3.46 लाख हेक्टेयर तथा मक्का का क्षेत्रफल 92.06 लाख हेक्टेयर से लुढ़ककर 88.39 लाख हेक्टेयर रह गया। स्मॉल मिलेट्स का रकबा भी 3.92 लाख हेक्टेयर से गिरकर 3.83 लाख हेक्टेयर रह गया।
मक्का के बिजाई क्षेत्र में गिरावट आने की आशंका पहले से ही बनी हुई थी क्योंकि एक तो बाजार भाव नीचे होने से किसानों को आकर्षक आमदनी प्राप्त नहीं हुई और दूसरे इसके न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में मात्र 10 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा किया गया। बिजाई लगभग समाप्त हो चुकी है।
