खामगांव में जोरदार बारिश से खरीफ फसलों को बड़ा लाभ
31-Jul-2026 01:25 PM
खामगांव में जोरदार बारिश से खरीफ फसलों को बड़ा लाभ
खामगांव (महाराष्ट्र): खामगांव क्षेत्र में कल से लगातार जोरदार बारिश हो रही है, जिससे खरीफ फसलों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। इस वर्षा से खेतों में पर्याप्त नमी उपलब्ध हुई है, जो तुवर, सोयाबीन, कपास, मूंग, उड़द तथा अन्य खरीफ फसलों की बढ़वार के लिए बेहद लाभदायक मानी जा रही है।
किसानों के अनुसार, पिछले कुछ समय से वर्षा की कमी के कारण फसलों की वृद्धि प्रभावित हो रही थी, लेकिन कल से हो रही अच्छी बारिश ने फसलों में नई जान फूंक दी है। खेतों में नमी बढ़ने से फसलों की स्थिति में सुधार आने की संभावना है।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आगामी दिनों में भी सामान्य और संतुलित वर्षा जारी रहती है, तो खरीफ फसलों की पैदावार बेहतर रहने की उम्मीद है। फिलहाल खामगांव क्षेत्र के किसानों में अच्छी बारिश से उत्साह का माहौल है।
