क्या बादामगिरी छूएगी 2021 का स्तर ?
12-Aug-2026 07:02 PM
नई दिल्ली। जानकार सूत्रों का कहना है कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए संभावना व्यक्त की जा रही है कि दीपावली पूर्व एक बार बादामगिरी का भाव 2021 का स्तर छू सकता है। उल्लेखनीय है कि अगस्त 2021 में बादामगिरी का रिकॉर्ड भाव 1050 रुपए प्रति किलो बन गया था। वर्तमान में दिल्ली बाजार में बादामगिरी का भाव 980/990 रुपए प्रति किलो बोला जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कैलिफोर्निया में इस वर्ष बादाम का उत्पादन गत वर्ष की तुलना में कम होने के समाचार मिल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि गत दो वर्षों से कैलिफोर्निया में बादाम का उत्पादन घट रहा है। वर्ष 2024 के दौरान बादाम का उत्पादन 2800 मिलियन पौंड का रहा था जोकि वर्ष 2025 में घटकर 2720 मिलियन का रहने के अनुमान लगाए गए है। वर्ष 2026 में उत्पादन के पूर्वानुमान 2700 मिलियन पौंड के लगाए जा रहे हैं। वर्तमान में कैलिफोर्निया में नए बादाम की आवक शुरू हो गई है लेकिन भारतीय बाजारों में नए मालों की आवक सितम्बर-अक्टूबर माह तक आने के समाचार है।
भाव ऊंचे
जानकार सूत्रों का कहना है कि गत वर्ष कैलिफोर्निया में नए बादाम का भाव 1.80/1.85 डॉलर प्रति पौंड का खुला था जोकि चालू सीजन के दौरान 2.60/2.65 डॉलर प्रति पौंड बोला जा रहा है। भाव ऊंचे खुलने एवं डॉलर भी महंगा होने से आयात पड़तल ऊंचे भावों पर लगेगी। जिस कारण से भविष्य में कीमतें ओर बढ़ सकती हैं।
आयात
मिली जानकारी के अनुसार जुलाई- 2026 के दौरान बादाम का आयात गत वर्ष की तुलना में कम किया गया। गत वर्ष जुलाई- 2025 में बादाम का आयात 1453 कंटेनर का किया गया था जबकि जुलाई 2026 में आयात 1086 कंटेनर का हुआ है। हालांकि 2026 की तुलना में आयात मामूली बढ़ा है। जून- 2026 में आयात 1079 कंटेनर का हुआ था। चालू सीजन के दौरान अभी तक सर्वाधिक आयात मार्च- 2026 में 1241 कंटेनर का हुआ।
कीमतों में तेजी
विगत एक पखवाड़े के दौरान दिल्ली बाजार में बादामगिरी के भावों में 40/50 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की गई है। उल्लेखनीय है कि चालू माह के शुरू में बादामगिरी का भाव 935/940 रुपए प्रति किलो बोला जा रहा था जोकि वर्तमान में बढ़कर 980/990 रुपए प्रति किलो का हो गया है। सूत्रों का मानना है कि वर्तमान भावों में मंदे की संभावना नहीं है। आगामी दिनों में भाव धीरे-धीरे बढ़ते रहेंगे और दीपावली से पूर्व भाव नया रिकॉर्ड बना सकते हैं ऐसा व्यापारियों का कहना है।
