कनाडा से मध्य पूर्व के देशों में दलहनों का निर्यात ठप्प

17-Mar-2026 07:09 PM

सस्काटून। ईरान-इजरायल युद्ध के कारण सम्पूर्ण अरब क्षेत्र में अशांति एवं अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। ईरान द्वारा पश्चिम एशिया, मध्य पूर्व एवं खाड़ी क्षेत्र के देशों पर मिसाइल एवं ड्रोन से लगातार घातक हमले किए जा रहे हैं

और होर्मुज स्ट्रेट को भी लगभग बंद कर दिया गया है। शिपिंग कंपनियां वहां अपना जहाज या कंटेनर भेजने से इंकार कर रही है। इसके फलस्वरूप कनाडा से इन देशों को दलहनों तथा अन्य कृषि उत्पादों का निर्यात लगभग ठप्प पड़ गया है। 

एक निर्यातक फर्म के अनुसार पहली बात तो यह है कि शिपिंग कंपनियां अरब क्षेत्र में अपना जहाज भेजने की इच्छुक नही हैं और यदि कोई तैयार भी होती है तो वह इतना ऊंचा किराया भाड़ा मांगती है

जो निर्यतकों के लिए चुकाना मुश्किल होता है। वैसे ही सैकड़ों जहाज होर्मुज जल डमरू मध्य (स्ट्रेट) के उस पार अटके हुए हैं। 

वर्ष 2025 में मध्य पूर्व एवं उत्तरी अफ्रीका के देशों द्वारा कनाडा से 76 करोड़ डॉलर मूल्य के 8 लाख टन दलहनों का आयात किया गया था

जिसमें करीब 78 प्रतिशत मसूर, 9 प्रतिशत काबुली चना तथा  शेष मटर का आयात शामिल था। अब वहां किराया 80 डॉलर प्रति टन ऊंचा हो गया है।