डीओसी के निर्यात शिपमेंट में मूंदड़ा बंदरगाह प्रथम स्थान पर

17-Mar-2026 07:05 PM

मुम्बई। वित्त वर्ष 2024-25 की समान अवधि की तुलना में वित्त वर्ष 2025-26 के आरंभिक 11 महीनों (अप्रैल 2025-फरवरी 2026) में भारत से ऑयल मील (डीओसी) का सकल निर्यात 39.33 लाख टन से 11 प्रतिशत घटकर 34.94 लाख टन रह गया

लेकिन इसकी एक खास विशेषता यह है कि डीओसी के निर्यात शिपमेंट में कांडला को पीछे छोड़कर मूंदड़ा बंदरगाह प्रथम स्थान पर पहुंच गया। 

समीक्षाधीन अवधि के दौरान ऑयल मील का निर्यात मूंदड़ा बंदरगाह से 8.62 लाख टन से उछलकर 13.17 लाख टन तथा कोलकाता बंदरगाह से 12 हजार टन से बढ़कर 91 हजार टन पर पहुंच गया

जबकि दूसरी ओर इसका शिपमेंट कांडला बंदरगाह से 13.39 लाख टन से लुढ़ककर 5.87 लाख टन, पीपावाव से 38 हजार टन से फिसलकर 37 हजार टन,

मुम्बई / जेएनपीटी से 6.41 लाख टन से गिरकर 6.15 लाख टन तथा देश के अन्य बंदरगाहों से 10.41 लाख टन से घटकर 8.47 लाख टन रह गया। कोलकाता बंदरगाह से राइस ब्रान एक्सट्रैक्शन का निर्यात जोर पकड़ने लगा है।