ऑयल मील के निर्यात में 11 प्रतिशत की गिरावट

17-Mar-2026 05:13 PM

मुम्बई। एक अग्रणी उद्योग संस्था- साल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) द्वारा संकलित आंकड़ों से पता चलता है कि चालू वित्त वर्ष के शुरूआती 11 महीनों में यानी अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 के दौरान देश से ऑयल मील का कुल निर्यात घटकर 34.94 लाख टन पर अटक गया जो वित्त वर्ष 2024-25 के इन्हीं महीनों के कुल शिपमेंट 39.33 लाख टन से 11 प्रतिशत कम रहा। 

समीक्षाधीन अवधि के दौरन सोयामील का निर्यात 19.40 लाख टन से लुढ़ककर 14.93 लाख टन, रेपसीड मील (सरसों खल) का 16.82 लाख टन से घटकर 15.98 लाख टन तथा अरंडी मील का 2.75 लाख टन से गिरकर 2.51 लाख टन रह गया।

दूसरी ओर इसी अवधि में राइस ब्रान एक्सट्रैक्शन का निर्यात 16 हजार टन से उछलकर 1.29 लाख टन और मूंगफली एक्सट्रैक्शन का शिपमेंट 21 हजार टन से सुधरकर 24 हजार टन पर पहुंचा।

ज्ञात हो कि डि ऑयल्ड राइस ब्रान के निर्यात पर लम्बे समय तक प्रतिबंध लगा रहा लेकिन अक्टूबर से इसका शिपमेंट दोबारा चालू हो गया। आगामी महीनों में इसका निर्यात तेजी से बढ़ने की उम्मीद है जिससे स्वदेशी धान मिलिंग उद्योग को काफी राहत मिलेगी।