फरवरी में वस्तुओं का निर्यात 36.61 अरब डॉलर पर अटका

17-Mar-2026 07:53 PM

नई दिल्ली। फरवरी 2025 की तुलना में फरवरी 2026 के दौरान भारत से व्यापारिक वस्तुओं का निर्यात 0.8 प्रतिशत घटकर 36.61 अरब डॉलर पर अटक गया जबकि वैश्विक बाजार की सनिश्चित स्थिति को देखते हुए मार्च का निर्यात आंकड़ा और भी छोटा होने की संभावना है।

केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक पश्चिम एशिया के संकट एवं शिपमेंट की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए मार्च का निर्यात प्रदर्शन बेहतर रहने की संभावना बहुत कम है। 

दूसरी ओर फरवरी 2026 के दौरान भारत में व्यापारिक वस्तुओं का आयात 24.11 प्रतिशत की भारी बढ़ोत्तरी के साथ 63.71 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

इसके फलस्वरूप फरवरी 2026 में भारत का विदेश व्यापार घाटा बढ़कर 27.10 अरब डॉलर पर पहुंच गया जो फरवरी 2025 के व्यापार घाटा 14 अरब डॉलर से करीब दोगुना ज्यादा है।

इससे पूर्व जनवरी 2026 में विदेश व्यापार घाटा 34.68 अरब  डॉलर दर्ज किया गया था। क्रूड खनिज तेल एवं सोना-चांदी के दाम में वृद्धि से आयात खर्च बढ़ने की संभावना है।