कलौंजी के भाव मजबूत : मंदे की संभावना नहीं

07-Jul-2026 06:46 PM

नई दिल्ली। वर्तमान में कलौंजी के भाव मजबूती के साथ बोले जा रहे हैं। हाल-फिलहाल मंदे की संभावना नहीं है। क्योंकि मंडियों में आवक घट गई है। साथ ही लोकल में मांग अच्छी चल रही है। जिस कारण से विगत एक पखवाड़े के दौरान कलौंजी के भाव 3/5 रुपए प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। 

उल्लेखनीय है कि चालू सीजन के दौरान गुजरात, मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में बिजाई का क्षेत्रफल बढ़ने एवं बिजाई के पश्चात भी मौसम फसल के अनुकूल होने के कारण देश में कलौंजी का उत्पादन गत वर्ष की तुलना में दो गुणा होने के समाचार है जिस कारण से नई फसल की आवक शुरू होने के पश्चात कलौंजी की कीमतों में मंदे का दौर शुरू हो गया और मई-जून माह में भाव घटकर 170/175 रुपए पर आ गया। जबकि फरवरी माह में भाव 250/260 रुपए प्रति किलो चल रहे थे।

पैदावार

बिजाई क्षेत्रफल में वृद्धि होने के कारण चालू सीजन के दौरान देश में कलौंजी का उत्पादन 6/6.25 लाख क्विंटल होने के समाचार है जबकि गत वर्ष उत्पादन 3/3.25 लाख क्विंटल रहा था। वर्ष 2024 में उत्पादन 2.50/2.75 लाख क्विंटल एवं वर्ष 2023 में 3.50/3.75 लाख क्विंटल पैदावार के अनुमान लगाए गए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार चालू सीजन के दौरान प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात में उत्पादन 4/4.25 लाख क्विंटल होने के समाचार है जबकि गत वर्ष उत्पादन 1.60/1.75 लाख क्विंटल का रहा था। राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में भी इस वर्ष उत्पादन 2 लाख क्विंटल माना गया है गत वर्ष उत्पादन 1 लाख क्विंटल के आसपास रहा था। 

हालांकि चालू सीजन के दौरान नई फसल के समय कलौंजी का उत्पादन कम रहा। क्योंकि गत वर्ष पैदावार कम रहने के कारण अधिकांश माल की खपत हो गई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष स्टॉक 5/6 हजार बोरी का माना गया। जबकि गत वर्ष 30/35 हजार बोरी का स्टॉक माना जा रहा था। वर्ष 2024 में स्टॉक करीब 1.25/1.50 लाख बोरी का रहा था।

आवक 

वर्तमान में गुजरात की राजकोट मंडी में कलौंजी की आवक 300/400 बोरी की हो रही है जबकि मध्य प्रदेश की नीमच मंडी में आवक 350/400 बोरी की चल रही। मंडियों में कलौंजी के भाव क्वालिटीनुसार 160/185 रुपए प्रति किलो बोले जा रहे हैं। जबकि दिल्ली बाजार में भाव 210/215 रुपए पर मजबूती के साथ चल रहे हैं। सत्रों का मानना है कि कुल उत्पादन का अधिकांश माल मंडियों में आ जाने के कारण अब मंडियों में आवक सीमित रहेगी। जबकि नई फसल आने में अभी 8/9 माह का समय शेष है। अतः आगामी दिनों में कलौंजी के भाव तेज रहने के अनुमान है।