डिप्रेशन की वजह से कई राज्यों में जोरदार बारिश

07-Jul-2026 07:26 PM

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम को पिछले कुछ दिनों से कम दाब के क्षेत्र एवं डिप्रेशन का मजबूत सहारा मिल रहा है जिससे एक तरफ कोंकण, गुजरात, तटीय कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र एवं छत्तीसगढ़ में तो दूसरी ओर पश्चिमोत्तर भारत में मूसलाधार बारिश हो रही है।

हालांकि गुजरात, महाराष्ट्र कर्नाटक का डिप्रेशन अब कमजोर पड़कर कम दाब के क्षेत्र में बदल गया है तथा कल से इसके और कमजोर पड़ने की संभावना है लेकिन छत्तीसगढ़ में अत्यन्त मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

इसी तरह पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान में वर्षा का दौर बरकरार रह सकता है। सुदूर दक्षिणी राज्य- केरल के वायनाड तथा आसपास के जिलों में जोरदार बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है जिससे कालीमिर्च की फसल को फायदा होने की उम्मीद है। पिछले कुछ दिनों से वहां मानसून सक्रिय है।

मौसम विभाग के मुतबिक पूर्वी भारत के ऊपर शक्तिशाली मानसून डिप्रेशन मौजूद था जो अब कमजोर पड़कर पूर्ण अवस्थित कम दाब के क्षेत्र में बदल गया है। मानसून का उत्तरी सिरा लगातार चौथे दिन अपनी जगह पर स्थिर बना रहा जो फिलहाल जामनगर, उदयपुर, अजमेर, झुंझुनू, हिसार एवं भटिंडा से होकर गुजर रहा है। 

कमजोर पड़ता हुआ यह सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिमी एवं पश्चिमोत्तर राज्यों की ओर आगे बढ़ सकता है। अभी यह मध्य प्रदेश तथा दक्षिणी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहुंच रहा है जबकि 8 जुलाई से इसके कमजोर पड़ने की संभावना है। गुजरात, राजस्थान, पंजाब तथा हरियाणा में अगले तीन दिनों के दौरान मानसून की सक्रियता के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।