जून से अक्टूबर तक रूई के शुल्क मुक्त आयात की स्वीकृति

30-May-2026 06:29 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग ने 30 मई 2026 को एक अधिसूचना जारी करके रूई के आयात को अगले पांच महीनों तक शुल्क मुक्त रखने की घोषणा की है।

इस तरह 1 जून से 31 अक्टूबर 2026 तक देश में रूई का आयात सीमा शुल्क से पूरी तरह मुक्त होगा। राजस्व विभाग के मुताबिक इस अवधि में रूई के आयात पर सामान्य सीमा शुल्क के साथ-साथ कृषि ढांचा एवं विकास सेस भी नहीं लगेगा। 

उल्लेखनीय है कि रूई पर अभी तक 11 प्रतिशत का आयात शुल्क लागू था। अंतर्राष्ट्रीय एवं घरेलू बाजार में रूई का भाव काफी ऊंचा एवं तेज रहने से भारतीय वस्त्र उद्योग को भारी कठिनाई हो रही थी।

उद्योग-व्यापार क्षेत्र लगातार सरकार से रूई पर लागू 11 प्रतिशत के आयात शुल्क को वापस लेने का आग्रह कर रहा था। इस मुद्दे पर एक उच्च स्तरीय अंतर मंत्रालयी समिति ने विचार किया था और आयात शुल्क हटाने के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की थी। अब वित्त मंत्रालय ने इसकी औपचारिक घोषणा कर दी है।