इंडोनेशिया में अगले वर्ष बी 60 प्रोग्राम लागू करने का प्लान
10-Sep-2026 03:30 PM
जकार्ता। इंडोनेशिया में वर्ष 2027 से बायोडीजल के निर्माण में पाम तेल के अनिवार्य उपयोग का स्तर बढ़ाकर 60 प्रतिशत नियत करने का प्लान बनाया जा रहा है और इसके लिए आवश्यक तैयारी भी शुरू कर दी गई है। फिलहाल वहां जैव ईंधन के निर्माण में 50 प्रतिशत पाम तेल का प्रयोग हो रहा है। इससे उसके प्रभाग में पाम तेल की मांग एवं खपत बढ़ जाएगी।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण-पूर्व एशिया में अवस्थिति इंडोनेशिया दुनिया में पाम तेल का सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है। भारत में पाम तेल का सर्वाधिक आयात इंडोनेशिया से ही होता है। वहां घरेलू मांग एवं खपत बढ़ने से पाम तेल के निर्यात योग्य स्टॉक में कमी आ सकती है।
बी 60 प्रोग्राम लागू करने के लिए फिलहाल इंडोनेशिया में क्रूड पाम तेल (सीपीओ) की आपूर्ति एवं उत्पादन क्षमता का आंकलन विश्लेषण किया जा रहा है। इंडोनेशिया के राष्ट्र्पति ने पहले कहा था कि अगर बी-50 प्रोग्राम का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन हुआ तो सरकार इसके अगले चरण यानी बी 60 प्रोग्राम पर विचार करेगी। इस प्रोग्राम के लिए सीपीओ की अधिक मात्रा की जरूरत पड़ेगी और इसलिए इसके उत्पादन की क्षमता परखने की कोशिश हो रही है। वह निर्यात को भी बरकरार रखना चाहता है।
