भारत में कनाडा से पीली मटर का आयात बढ़ने के आसार
10-Sep-2026 05:45 PM
मुम्बई। कनाडा के एक अग्रणी व्यापार विश्लेषक ने कहा है कि भारत में पिछले दो सप्ताहों के दौरान (अगस्त 2026 में) पीली मटर का भाव तेजी से बढ़कर जून 2024 के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। काला सागर क्षेत्र से मटर का शिपमेंट प्रभावित हो रहा है जबकि अन्य देशों में भी इसका सीमित स्टॉक मौजूद है। प्रमुख उत्पादक देशों में इस वर्ष मटर के उत्पादन में करीब 15 लाख टन की गिरावट आने का अनुमान है जिसमें कनाडा भी शामिल है।
कनाडा में इस वर्ष मटर की औसत उपज दर घटकर 36.7 बुशेल प्रति एकड़ रह जाने की संभावना है। पीली मटर के बिजाई क्षेत्र में 16 प्रतिशत की गिरावट आई और कमजोर उपज दर को देखते हुए इसका कुल उत्पादन गत वर्ष के मुकाबले 27 प्रतिशत घटकर 23.10 लाख टन पर सिमट जाने का अनुमान है। हरी मटर का उत्पादन भी 22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4.50 लाख टन के आसपास रह जाने की संभावना है।
चीन में कनाडाई मटर की अच्छी मांग बनी हुई है जबकि भारत में पीली मटर के आयात की गति आगामी समय में तेज होने की संभावना है क्योंकि भारतीय आयातकों को रूस यूक्रेन से इसके आयात में ज्यादा सहायता नहीं मिल रही है। इसके फलस्वरूप कनाडा में मटर का भाव कुछ मजबूत होने की उम्मीद है मगर इसमें भारी तेजी आना मुश्किल लगता है।
