हरियाणा में सरसों की सरकारी खरीद शुरू- गेहूं की खरीद 1 अप्रैल से

30-Mar-2026 04:06 PM

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने किसानों से जल्दबाजी में नीचे दाम पर अपना उत्पाद नहीं बेचने का आग्रह करते हुए कहा है कि राज्य की विभिन्न मंडियों में सरकारी एजेंसियों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 28 मार्च से सरसों की खरीद आरंभ की जा चुकी है जबकि गेहूं की खरीद 1 अप्रैल 2026 से शुरू की जाएगी। इस बार हरियाणा में कुल 72 लाख टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य नियत किया गया है। 

उल्लेखनीय है कि चालू वर्ष के दौरान हरियाणा में करीब 13 लाख टन सरसों की खरीद का प्लान बनाया गया है। इसमें से 25 प्रतिशत की खरीद नैफेड एवं एनसीसीएफ जैसे केन्द्रीय एजेंसियों द्वारा की जाएगी

जबकि शेष 75 प्रतिशत सरसों की खरीद हैफेड तथा हरियाणा राज्य भंडारण निगम जैसी प्रांतीय एजेंसियां 50-50 के अनुपात में करेंगी। इससे किसानों को काफी राहत मिलेगी। 

आधिकरिक सूत्रों के अनुसार इस बार हरियाणा में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद के लिए 416 क्रय केन्द्र खोले गए हैं।

जबकि सरसों के लिए 112, जौ के लिए 25, चना के लिए 11 एवं मसूर के लिए 7  मंडियों को चिन्हित किया गया है। किसानों से इन जिंसों की खरीद के लिए सारी तैयारी पूरी हो चुकी है। स्वयं मुख्यमंत्री ने इसकी समीक्षा की है।