गुजरात में ज्वार-बाजरा की खरीद पर बोनस देने की घोषणा
30-Mar-2026 05:42 PM
अहमदाबाद। गुजरात सरकार ने 2026 के रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान ज्वार एवं बाजरा की खरीद पर 300 रुपए प्रति क्विंटल का बोनस देने की घोषणा की है जो केन्द्र द्वारा घोषित इसके न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के अतिरिक्त है।
उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार ने 2025-26 सीजन के लिए बाजार का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2775 रुपए प्रति क्विंटल, हाइब्रिड ज्वार का 3699 रुपए प्रति क्विंटल, मलदंडी ज्वार का 3749 रुपए प्रति क्विंटल तथा मक्का का 2400 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार गुजरात में 1 मई 15 जुलाई 2026 के बीच ज्वार, बाजरा एवं मक्का की सरकारी खरीद की जाएगी। यह उत्पाद ग्रीष्मकालीन या जायद सीजन का होगा। इसकी बिजाई अभी कहीं-कहीं जारी है।
सरकारी एजेंसियों को अपना ज्वार-बाजरा बेचने के इच्छुक किसानों को अपने वितरणों के साथ ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होगा।
रजिस्ट्रेशन की समय सीमा 1 से 30 अप्रैल तक नियत की गई है। ज्वार-बाजरा एवं मक्का की खरीद प्रक्रिया का संचालन गुजरात राज्य नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा किया जाएगा।
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक 9 मार्च 2026 तक गुजरात में करीब 61 हजार हेक्टेयर में बाजरा की बिजाई हो चुकी थी।
