सरसों का उत्पादन 119.40 लाख टन होने का 'सी' का अनुमान

30-Mar-2026 05:12 PM

जयपुर। सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) ने 2025-26 के वर्तमान रबी सीजन के दौरान सरसों का घरेलू उत्पादन बढ़कर 119.40 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है जो 2024-25 सीजन के उत्पादन 115.20 लाख टन से 4.20 लाख टन ज्यादा है। 

राजस्थान की राजधानी एवं गुलाबी नगरी के नाम से प्रसिद्ध जयपुर में आयोजित एक मीटिंग में 'सी' ने सरसों का कुल बिजाई क्षेत्र 2024-25 सीजन के 92.15 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 2025-26 में 93.91 लाख हेक्टेयर पर पहुंचने तथा फसल की औसत उपज दर 1250 किलो प्रति हेक्टेयर से सुधारकर 1231 किलो प्रति हेक्टेयर पर पहुंच जाने की संभावना व्यक्त की है। देश के सभी प्रमुख उत्पादक राज्यों में सरसों फसल की कटाई-तैयारी आरंभ हो चुकी है। 

एसोसिएशन के अनुसार पिछले सीजन की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान सरसों का उत्पादन राजस्थान में 52.00 लाख टन से बढ़कर 53.90 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 15.60 लाख टन से उछलकर 18.10 लाख टन, हरियाणा में 12.30 लाख टन से सुधरकर 12.70 लाख टन,

पश्चिम बंगाल में 6.80 लाख टन से बढ़कर 7.40 लाख टन तथा गुजरात में 5.40 लाख टन से बढ़कर 5.90 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है जबकि बिहार में उत्पादन 90 हजार टन के पिछले स्तर पर बरकरार रहने का अनुमान है।

दूसरी ओर सरसों का उत्पादन मध्य प्रदेश में 14.70 लाख टन से घटकर 13.90 लाख टन तथा आसाम में 2.50 लाख टन से गिरकर 2.10 लाख टन रह जाने की संभावना है। देश के अन्य राज्यों में भी उत्पादन 4.90 लाख टन से घटकर 4.50 लाख टन रह जाने का अनुमान लगाया गया है।