ए डब्ल्यू एल द्वारा डिगम्ड सोयाबीन तेल की सबसे बड़ी खेप का आयात
28-Jul-2026 06:00 PM
मुम्बई। स्वदेशी वनस्पति तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र की एक अग्रणी कम्पनी- ए डब्ल्यू एल एग्री बिजनेस द्वारा एक सिंगल पार्सल में 66,800 टन क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल का आयात किया गया है जो किसी भारतीय बंदरगाह पर एक बार में होने वाला सबसे बड़ा आयात है।
डिगम्ड सोया तेल से लदा एक जहाज अर्जेन्टीना के सान लॉरेंजों बंदरगाह से रवाना हुआ था जो एम टी बंगस पर पहुंचा और फिर गुजरात के मूंदड़ा बंदरगाह पर खाली हुआ। मूंदड़ा में ही इस कम्पनी की एक रिफाइनिंग इकाई मौजूद है जहां आयातित सोया तेल की प्रोसेसिंग / रिफाइनिंग की जाएगी। उल्लेखनीय है कि भारत में डिगम्ड (क्रूड) सोयाबीन तेल का सबसे ज्यादा आयात अर्जेन्टीना से ही होता है।
आमतौर पर 66-67 हजार टन सोया तेल का आयात 3-4 छोटे-छोटे जहाजों में किया जाता है लेकिन ए डब्ल्यू एल ने एक ही बड़े जहाज में इसे मंगा लिया। इससे प्रति टन के आधार पर शिपमेंट खर्च कम बैठा और बंदरगाह पर खर्च भी घट गया। इस विशाल मात्रा में आयातित तेल से रिफाइनरी को लम्बे समय तक गतिशील रखा जा सकेगा।
