अल नीनो के प्रभाव पर किसानों में जागरूकता बढ़ाने का निर्देश

28-Jul-2026 07:19 PM

विजयवाड़ा। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अल नीनो मौसम चक्र के संभावित असर की जानकारी देने हेतु किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है

कि इस खतरे से निपटने के लिए पहले से लागू उपायों को मजबूत एवं क्रियाशील बनाया जाए और किसानों को अच्छी तरह बताया जाए कि वर्षा कम होने की स्थिति में उसे किन-किन फसलों की खेती का रकबा बढ़ाना या घटाना चाहिए। इससे किसानों को फसल का चुनाव करने में आसानी होगी। 

उल्लेखनीय है कि देश के दक्षिणी राज्य- आंध्र प्रदेश में इस वर्ष मानसून की वर्षा अपेक्षाकृत कम होने के बावजूद खरीफ फसलों का रकबा गत वर्ष से आगे निकल गया है।

वहां धान, कपास, मक्का एवं तुवर आदि का क्षेत्रफल बढ़ा है। मुख्यमंत्री का कहना है कि राज्य के दूर दराज के इलाकों में किसानों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का समुचित लाभ नहीं मिल रहा है जिस पर अधिकारियों को विशेष ध्यान देना चाहिए।

जब कभी जरूरत पड़े तो किसानों को उपयुक्त वैकल्पिक फसलों का चुनाव करने हेतु प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। मौसम विभाग ने अब आंध्र प्रदेश के विभिन्न भागों में अच्छी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है जिससे किसानों को राहत मिलेगी। आंध्र प्रदेश में खरीफ फसलों की बिजाई का अभियान अभी जारी है।