अगस्त के लिए चीनी का फ्री सेल कोटा बढ़ने की संभावना

28-Jul-2026 08:25 PM

नई दिल्ली। हाल के सप्ताहों में चीनी के घरेलू बाजार मूल्य में आई भारी तेजी तथा आगामी त्यौहारी सीजन की संभावित मजबूत मांग को देखते हुए व्यापार विश्लेषकों को उम्मीद है कि अगस्त 2026 में घरेलू प्रभाग में बिक्री के लिए चीनी का मासिक कोटा बढ़ाकर 23.00-23.50 लाख टन निर्धारित किया जा सकता है।

शीघ्र ही इसकी अधिकारी घोषणा होने वाली है। इस बीच सरकार ने 1 अगस्त से चीनी पर भंडारण सीमा का आदेश लागू करने का निर्णय लिया है। इससे बाजार पर अंकुश लगाने में सहायता मिलेगी। 

जुलाई 2026 के लिए 22 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा नियत हुआ है जबकि अगस्त 2025 के लिए 22.50 लाख टन का कोटा निर्धारित हुआ था। यदि अगस्त 2026 के लिए 23 लाख टन या उससे अधिक का कोटा नियत हुआ

और  भंडारण सीमा के आदेश का सख्ती से पालन किया गया तो चीनी के दाम में ज्यादा तेजी आने की संभावना नहीं रहेगी। लेकिन कीमतों में गिरावट की रफ्तार भी धीमी रह सकती है। क्योंकि मध्य अगस्त से त्यौहारी सीजन शुरू होने पर मांग मजबूत रह सकती है।