चीनी निर्यात के लिए स्थिति अनुकूल
24-Mar-2026 05:54 PM
मुम्बई। भारत से चीनी के निर्यात के लिए घरेलू तथा वैश्विक हालात अनुकूल है और मिलर्स इसका पूरा फायदा उठाते हुए नए-नए अनुबंध कर रहे हैं। डॉलर की तुलना में रुपए की विनिमय दर घटकर रिकॉर्ड निचले स्तर पर आने से आयतकों के लिए भारतीय चीनी काफी आकर्षक हो गई है।
उधर क्रूड खनिज तेल का अंतर्राष्ट्रीय बाजार भाव बढ़ने से ब्राजील में मिलर्स द्वारा चीनी के बजाए एथनॉल उत्पादन पर विशेष जोर दिए जाने की संभावना है। इससे वहां चीनी के उत्पादन में कमी आ सकती है।
चूंकि ब्राजील दुनिया में चीनी का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है इसलिए वहां उत्पादन में गिरावट की आशंका से वैश्विक बाजार भाव तेज हो गया है। इससे भारत को दोहरा फायदा हो रहा है।
पिछले सप्ताह करीब एक लाख टन भारतीय चीनी का निर्यात सौदा हो गया। इससे प्रमुख खरीदारों में श्रीलंका, जिबूती, तंजानिया एवं सोमालिया आदि शामिल हैं।
कुल मिलाकर चालू मार्केटिंग सीजन में भारत द्वारा अभी तक 5.50 लाख टन चीनी का निर्यात अनुबंध किया जा चुका है।
