Home News

अर्नब तूफान से आंध्र प्रदेश को भारी नुकसान की आशंका

30-Oct-2026 04:13 PM

अर्नब तूफान से आंध्र प्रदेश को भारी नुकसान की आशंका

विजयवाड़ा। बंगाल की खाड़ी से उठा भयंकर समुद्री चक्रवाती तूफान- अर्नब तूफान खासकर आंध्र प्रदेश के लिए विनाशकारी साबित हुआ। इसके प्रकोप से राज्य के लगभग 4600 करोड़ (46 अरब) रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री का कहना है कि नुकसान का यह आरम्भिक आंकलन है जबकि अंतिम तस्वीर सामने आने के बाद इसमें और वृद्धि हो सकती है। 

उल्लेखनीय है कि अर्नब तूफान सबसे पहले आंध्र प्रदेश के तट से ही टकराया था और तटवर्ती क्षेत्रों में सबसे ज्यादा सक्रिय एवं आक्रामक भी रहा था। मुख्यमंत्री ने कोना सीमा जिले में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में कहा कि तूफान से हुई भारी क्षति के बारे में केन्द्र सरकार को पूरी सूचना दे दी गई है और यह भी बता दिया गया है कि इसके प्रभाव को घटाने के लिए राज्य सरकार ने किस तरह एहतियाती कदम उठाया था।

केन्द्र सरकार ने शीघ्र ही अपना एक दल राज्य के तूफान प्रभावित इलाकों में भेजने तथा उसकी रिपोर्ट के आधार पर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने का वादा किया है। मुख्यमंत्री ने तूफान से गिरने वाले नारियल एवं ऑयल पाम के पेड़ के लिए किसानों को 1500 रुपए प्रति पेड़ की दर से मुआवजा देने की घोषणा की। इसके अलावा प्रभावित लोगों को 25 किलो चावल एवं अन्य आवश्यक चीजों से भरा किट भी प्रदान किया। 

अन्य फसलों के लिए किसानों को फसल बीमा की अग्रिम राशि प्रदान की जाएगी और तूफान से क्षतिग्रस्त फसलों के लिए किसानों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। आंध्र प्रदेश में इस तूफान से बागानी फसलों के साथ-साथ खरीफ फसलों को भी क्षति पहुंची है।