यूरोपीय संघ को चीनी निर्यात के लिए निविदा आमंत्रित

08-May-2026 04:35 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अधीनस्थ निकाय- कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने 2025-26 के मार्केटिंग सीजन हेतु टैरिफ रेट कोटा (टीआरक्यू) प्रणाली के अंतर्गत यूरोपीय संघ को 805.05 टन चीनी का निर्यात करने के लिए इच्छुक पार्टियों से निविदा आमंत्रित की है। सुपात्र निर्यातकों को चीनी का कोटा आवंटित किया जाएगा। इसके तहत 12 मई 2026 तक सील बंद बिड्स एपीडा के नई दिल्ली स्थित कार्यालय में पहुंच जाना चाहिए। 

एपीडा द्वारा जारी व्यापार सूचना (ट्रेड नोटिस) के अनुसार 2025-26 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन के लिए टीआरक्यू के तहत यूरोपीय संघ को कुल मिलाकर 5851 टन चीनी के निर्यात की अनुमति दी गई है। इसके लिए विदेश व्यापार महा निदेशालय (डीजीएफटी) द्वारा सार्वजनिक सूचना पहले ही जारी की जा चुकी है।

उसमें से जो कोटा बच गया था उसके तहत यह मौजूदा 805.05 टन का कोटा शामिल है जिसके निर्यात के लिए निर्यातकों से बिड आमंत्रित किया जाता है। टेंडर को निश्चित रूप से सील बंद कवर में जमा किया जाना चाहिए जिसके ऊपर 2025-26 सीजन हेतु टीआरक्यू स्कीम  के अंतर्गत यूरोपीय संघ को चीनी निर्यात के लिए कोटा हासिल करने हेतु टेंडर लिखा हुआ होना चाहिए। प्राप्त निविदाओं को 12 मई को अपराह्न 3.30 बजे एपीडा के ऑफिस में खोला जाएगा।