वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया में फसलों के बिजाई क्षेत्र के अनुमान में वृद्धि

08-May-2026 04:09 PM

होबार्ट। ग्रेन इंडस्ट्री एसोसिएशन ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया (गीवा) ने पश्चिम ऑस्ट्रेलिया प्रान्त में विभिन्न फसलों के कुल बिजाई क्षेत्र का अनुमान पिछले माह के 89.30 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर अब 93.80 लाख हेक्टेयर निर्धारित कर दिया है। एसोसिएशन के मुताबिक राज्य के विभिन्न भाग में पिछले कुछ सप्ताहों के दौरान अच्छी बारिश हुई थी जिससे बिजाई के लिए स्थिति काफी हद तक अनुकूल हो गई है। राज्य के कुछ क्षेत्रों में फसलों की अगैती बिजाई आरंभ हो चुकी है जबकि मध्य मई से इसकी रफ्तार काफी तेज हो जाने की संभावना है। 

पश्चिम ऑस्ट्रेलिया प्रान्त में गेहूं, जौ, कैनोला एवं दलहन फसलों की खेती बड़े पैमाने पर होती है। हालांकि पश्चिम एशिया संकट के कारण ऑस्ट्रेलिया में रासायनिक उर्वरकों का अभाव होने तथा मूल्य ऊंचा रहने की आशंका व्यक्त की जा रही थी लेकिन एसोसिएशन का कहना है कि अब स्थिति काफी हद तक सुधर गई है। किसानों को उर्वरक मिल रहा है और खेतों की मिटटी में नमी की कमी नहीं है। 

इस बार राज्य में किसान गेहूं के बजाए कैनोला की खेती को विशेष प्राथमिकता दे सकते हैं जिससे गेहूं का क्षेत्रफल घटने एवं कैनोला का रकबा बढ़ने की संभावना है। पिछले कुछ वर्षों से वहां गेहूं के बिजाई क्षेत्र में प्रतिशत आधार पर गिरावट का रुख बना हुआ है। वर्ष 2016 में कुल उत्पादन क्षेत्र में गेहूं की भागीदारी 59 प्रतिशत थी जो अब घटकर 40 प्रतिशत के करीब रह गई है। गत वर्ष की तुलना में इस बार वहां गेहूं का रकबा 14 प्रतिशत घटने की संभावना है। पिछले 10 वर्षों में कैनोला का क्षेत्रफल 15.5 प्रतिशत से बढ़कर 24.5 प्रतिशत पर पहुंच गया।