यूपी सरकार द्वारा लखनऊ में सस्ती चीनी बेचने का निर्णय

08-Sep-2026 04:55 PM

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने लखनऊ में 40 लाख से अधिक लोगों को 50-52 रुपए प्रति किलो की दर से चीनी बेचने का फैसला किया है। गन्ना किसान संस्थान के परिसर से इसकी बिक्री की जाएगी। गन्ना विकास विभाग के अनुसार संस्थान के परिसर में आम लोगों को 52 रुपए प्रति किलो की सामान्य दर से चीनी उपलब्ध करवाई जाएगी।

इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी। चीनी का एक्स फैक्टरी दाम, हाजिर (थोक) बाजार भाव एवं खुदरा बाजार मूल्य अगस्त में उछलकर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था जिससे आम लोगों की कठिनाई काफी बढ़ गई थी। अब एक्स फैक्टरी भाव तथा थोक बाजार मूल्य में तो काफी गिरावट आ गई है लेकिन खुदरा बाजार में दाम अब भी 60 रुपए प्रति किलो से ऊपर चल रहा है। 

सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग द्वारा आम लोगों को रियायती मूल्य पर चीनी बेचने की व्यवस्था की गई है। उल्लेखनीय है कि उतर प्रदेश देश में गन्ना तथा गुड़ का सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त है जबकि चीनी के उत्पादन में दूसरे नम्बर पर है।

चीनी के 1 किलो वाले पैक का दाम 52 रुपए तथा 2 किलो वाले पैक का मूल्य 102 रुपए नियत किया गया है जबकि 5 किलो वाले पैक की कीमत 250 रुपए और 50 किलो वाले पैक की कीमत 2500 रुपए होगी। उत्तर प्रदेश में अगले महीने से चीनी मिलों में गन्ना की क्रशिंग आरंभ होने की संभावना है। 3 सितम्बर को राज्य में चीनी का औसत खुदरा मूल्य 60.69 रुपए प्रति किलो दर्ज किया गया था।