राजस्थान से मणिपुर तक मानसूनी ट्रफ का विस्तार
08-Sep-2026 04:27 PM
नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून का एक ट्रफ तो राजस्थान, हरियाणा, झारखंड एवं पश्चिम बंगाल से होते हुए त्रिपुरा तक फैला हुआ है जबकि दूसरा ट्रफ पूर्वोत्तर राजस्थान से मणिपुर तक विस्तृत है जो बिहार, उत्तरी झारखंड, पश्चिम बंगाल की पहाड़ियों एवं दक्षिणी आसाम से होकर गुजर रहा है। यह निचले स्तर का ट्रफ है जो ज्यादा बारिश का संकेत देता है। मानसून का एक तीसरा ट्रफ भी सक्रिय हो गया है जो दक्षिणी गुजरात से झारखंड तक फैला हुआ है। यह भी एक दाब का क्षेत्र माना जा रहा है।
उधर अफगानिस्तान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ की परत देखी जा रही है जो देश के उत्तरी भाग के ऊपर मौसम को प्रभावित कर सकती है। इन सभी सिस्टम के प्रभाव से देश के अधिकांश इलाकों और खासकर पश्चिमोत्तर भारत में जोरदार बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा देश के पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भाग तथा मध्यवर्ती क्षेत्र में भी 10 सितम्बर तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।
दक्षिण भारत में मानसून लम्बे समय से सुस्त एवं निष्क्रिय बना हुआ है लेकिन अब वहां इसकी सक्रियता एवं गतिशीलता कुछ बढ़ने की उम्मीद है। वैसे मौसम विभाग ने वहां खरीफ फसलों के लिए कोई निर्णायक वर्षा होने की संभावना व्यक्त नहीं की है। तमिलनाडु के तटीय क्षेत्र एवं उसके समीपवर्ती बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन मौजूद है जबकि मानसून का एक ट्रफ दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक से तमिलनाडु होते हुए मन्नार की खाड़ी तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से दक्षिणी प्रायद्वीप में दूर-दूर तक हल्की या सामान्य बारिश होने की उम्मीद है। दक्षिण भारत में खरीफ फसलों को भारी वर्षा की सख्त जरूरत है।
