वर्ष 2025 में रूई के आयात में 130 प्रतिशत की जोरदार वृद्धि
27-Mar-2026 03:23 PM
मुम्बई। वर्ष 2024 की तुलना में 2025 के दौरान भारत में विदेशों से रूई के आयात में मात्रा की दृष्टि से 130 प्रतिशत तथा खर्च की दृष्टि से 92.5 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोत्तरी हुई।
घरेलू उत्पादन कम होने तथा वैश्विक बाजार भाव नरम रहने से भारतीय खरीदारों को विभिन्न देशों से रूई का आयात बढ़ाने का अच्छा प्रोत्साहन मिला।
वर्ष 2025 में रूई के औसत आयात मूल्य में भारी गिरावट आ गई जिससे इसका आयात उछलकर काफी ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। भारतीय आयातक परम्परागत आपूर्तिकर्ता देशों के साथ-साथ कुछ नए निर्यातक देशों से भी रूई की खरीद करते रहे।
इसके फलस्वरूप ब्राजील रूई के सबसे प्रमुख आपूर्तिकर्ता के रूप में उभरकर सामने आया और वह भारत को रूई के निर्यात में ऑस्ट्रेलिया को भी पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान पर पहुंच गया।
भारत में लम्बे रेशेवाली उच्च क्वालिटी की रूई का सीमित उत्पादन होता है इसलिए टेक्सटाइल उद्योग को अक्सर विदेशों से इसका भारी आयात करना पड़ता है। जब वैश्विक बाजार भाव नरम रहता है तब आयात और भी बढ़ जाता है।
