साप्ताहिक समीक्षा-धनिया

27-Mar-2026 03:27 PM

धनिया कीमतों में तेजी : अधिक मंदा नहीं 

नई दिल्ली। चालू सप्ताह के दौरान धनिया की कीमतों में तेजी रही। उल्लेखनीय है कि नवरात्रि का पर्व होने के कारण गुजरात की अधिकांश मंडियों में अवकाश रहा। मगर राजस्थान एवं मध्य प्रदेश की मंडियों में व्यापार सुचारु रूप से हुआ। मध्य प्रदेश एवं राजस्थान की मंडियों में नए धनिया की आवक संतोषजनक रही। लेकिन वायदा में बढ़ते भावों के कारण हाजिर मंडियों में भी धनिया के भाव तेजी के साथ बोले जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि मार्च क्लोजिंग के कारण आगामी सप्ताह अधिकांश मंडियां बंद रहेंगी। मगर अप्रैल में मंडियां खुलने के पश्चात एक बार मंडियों में धनिया की आवक का दबाव बनेगा। उस समय अल्पकाल के लिए धनिया के भाव कुछ घट सकते हैं लेकिन भविष्य अच्छा रहेगा। क्योंकि वर्ष 2026 के दौरान धनिया की कुल उपलब्धता खपत की तुलना में कम रहेगी। सूत्रों का मानना है कि अगर आयात नहीं होता है तो चालू सीजन के दौरान धनिया के दामों में अच्छी तेजी देखी जा सकती है। 

पैदावार में कमी एवं कमजोर स्टॉक के कारण व्यापारिक धारणा बाजार में तेजी की है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 के पश्चात से देश में धनिया की पैदावार में कमी आ रही है। पैदावार घटने के कारण स्टॉक भी घट रहा है। जिस कारण से वर्ष 2026 के दौरान धनिया की कुल उपलब्धता 1.20/1.25 करोड़ बोरी के आसपास रहेगी। जबकि लोकल खपत एवं निर्यात को मिलाकर 1.40/1.50 करोड़ बोरी की आवश्यकता होती है। 

भाव 

चालू सप्ताह के दौरान धनिया की कीमतों में 4/5 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की गई है। राजस्थान की प्रमुख मंडी रामगंज में धनिया ईगल का भाव सप्ताह के शुरू में 105/106 रुपए प्रति किलो खुला था जोकि सप्ताह के अंत में 108/110 रुपए पर बोला गया। बारां मंडी में भी भाव 105 रुपए से तेजी के साथ 110 रुपए पर बोला जाने लगा। मध्य प्रदेश की गुना मंडी में धनिया ईगल का भाव सप्ताह के अंत में 108/109 रुपए बोला गया। जबकि सप्ताह के शुरू में भाव 104/105 रुपए बोला जा रहा था। मध्य प्रदेश की अशोक नगर, कुम्भराज, बीनागंज मंडी में चालू सप्ताह के दौरान धनिया के भाव 3/4 रुपए प्रति किलो तेजी के साथ बोले गए। उत्पादक केन्द्रों के तेज समाचार मिलने के कारण खपत केन्द्रों पर भी धनिया के भाव 4/5 रुपए प्रति किलो बढ़ाकर बोले गए लेकिन बढ़े भावों पर व्यापार कम रहा। मिडिल ईस्ट देशों में युद्ध के चलते वर्तमान में धनिया में निर्यात व्यापार भी सीमित हो रहा है। जनवरी-2026 के दौरान धनिया का निर्यात कम रहा। जनवरी- 2026 में धनिया निर्यात 4114.48 टन  का रहा जबकि जनवरी- 2025 में निर्यात 5786.13 टन एवं जनवरी- 2024 में 6225.32 टन का निर्यात किया गया था।