उत्तर प्रदेश में करीब 28 लाख टन चीनी का स्टॉक मौजूद
26-Aug-2026 11:13 AM
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने दावा किया है कि राज्य में चीनी का कोई अभाव नहीं है। मिलर्स के पास लगभग 28 लाख टन चीनी का स्टॉक मौजूद है जबकि 2026-27 के नए मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान राज्य में 90 लाख टन से अधिक चीनी का उत्पादन होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक उत्तर प्रदेश में प्रतिमाह करीब 4 लाख टन चीनी की खपत होती है जबकि फिलहाल लगभग 28 लाख टन का स्टॉक मौजूद है। इसका मतलब यह हुआ कि अगले तकरीबन 7 माह की जरूरतों को पूरा करने के लिए राज्य में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई है कि इस वर्ष चीनी मिलों में 15 अक्टूबर से गन्ना की क्रशिंग शुरू हो जाएगी जिससे चीनी का स्टॉक भी बढ़ने लगेगा। 2026-27 के सीजन के दौरान राज्य में कम से कम 90 लाख टन (900 लाख क्विंटल) चीनी का उत्पादन होने के आसार हैं जो मांग एवं खपत से काफी अधिक है।
अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों की भांति उत्तर प्रदेश में भी चीनी की कीमतों में भारी तेजी आई है। राज्य में चीनी का अभाव होने की आशंका व्यक्त की जा रही थी लेकिन मुख्यमंत्री के दावे के बाद यह खत्म हो गई है।
शीर्ष उद्योग संस्था- इस्मा ने भी कहा है कि विदेश में चीनी का कोई अभाव नहीं है और केवल "स्पैक्यूलेशन" की वजह से कीमतों में भारी तेजी आई है। हालांकि अब कुछ राज्यों में चीनी के लिए डिलीवरी भाव तथा थोक बाजार मूल्य में कमी आई है लेकिन खुदरा बाजार में दाम नहीं घटा है। लेकिन समय गुजरने के साथ वहां भी कीमतों में नरमी आ सकती है।
