उत्तर प्रदेश में चीनी के एक्स फैक्टरी मूल्य निर्धारण का आदेश वापस
04-Sep-2026 10:36 AM
लखनऊ। हालांकि उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में चीनी का एक्स फैक्टरी मूल्य 5000 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित करने का आदेश जारी किया था मगर बाद में इसे वापस ले लिया। चीनी की कीमतों में तेजी पर अंकुश लगाने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा किए जा रहे जोरदार प्रयासों को देखते हुए उत्तर प्रदेश प्रशासन ने अपना आदेश वापस ले लिया।
दरअसल महाराष्ट्र में चीनी का एक्स फैक्टरी मूल्य घटकर 4200 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास आ गया है। कुछ शहरों में चीनी के थोक मूल्य में भी गिरावट आई है और खुदरा बाजार में भी दाम घटने लगा है। ऐसी हालत में उत्तर प्रदेश में चीनी का एक्स फैक्टरी मूल्य 5000 रुपए प्रति क्विंटल नियत करने का कोई औचित्य नजर नहीं आ रहा था। चीनी मिलों ने भी कहा था कि यह आदेश कानूनी प्रावधानों के अनुरूप नहीं है। आदेश वापस लिए जाने के साथ ही चीनी मिलों को पुनः अपने हिसाब से कीमत निर्धारित करने का अवसर मिल गया है।
उत्तर प्रदेश में चीनी के एक्स फैक्टरी मूल्य निर्धारण का आदेश बिजनौर के जिलाधिकारी द्वारा जारी किया गया था जो समूचे राज्य की इकाइयों पर लागू हुआ था। जिलाधिकारी का कहना था कि राज्य के मुख्य सचिव के साथ हुई एक वर्चुअल मिटिंग के बाद कीमतों में तेजी को नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया था। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के बाद उत्तर प्रदेश चीनी का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है।
