दलहनों के बिजाई क्षेत्र में 1.83 लाख हेक्टेयर की बढ़ोतरी
05-Sep-2026 01:47 PM
नई दिल्ली। हाल के सप्ताहों में बिजाई की गति तेज होने से खरीफकालीन दलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 4 सितंबर 2026 को 117.13 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया, जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 115.30 लाख हेक्टेयर से 1.83 लाख हेक्टेयर या 1.6 प्रतिशत अधिक है।
समीक्षाधीन अवधि के दौरान अरहर (तुवर) का उत्पादन क्षेत्र 44.93 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 45.66 लाख हेक्टेयर, मोठ का रकबा 9.19 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 9.23 लाख हेक्टेयर तथा उड़द का क्षेत्रफल 22.46 लाख हेक्टेयर से उछलकर 25.15 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। लेकिन दूसरी ओर, मूंग का उत्पादन क्षेत्र 34.23 लाख हेक्टेयर से घटकर 33.19 लाख हेक्टेयर तथा अन्य दलहनों का क्षेत्रफल 4.07 लाख हेक्टेयर से गिरकर 3.53 लाख हेक्टेयर रह गया। दलहन फसलों की बिजाई बिल्कुल अंतिम चरण में पहुंच गई है।
महाराष्ट्र तथा कर्नाटक जैसे शीर्ष उत्पादक राज्यों में अरहर की बिजाई घटी है। महाराष्ट्र में वस्तुतः तीनों प्रमुख दलहनों—तुवर, उड़द एवं मूंग—के क्षेत्रफल में गिरावट आई है। राजस्थान में मूंग की खेती कम क्षेत्रफल में हुई है, जबकि वह इसका सबसे बड़ा उत्पादक प्रांत है। उड़द का उत्पादन क्षेत्र कई राज्यों में बढ़ा है। अभी अनेक राज्यों में बारिश का दौर जारी है, जिससे दलहन फसलों को फायदा हो सकता है।
