सस्कैचेवान में विभिन्न फसलों की कटाई की गति धीमी

05-Sep-2026 01:00 PM

सस्काटून। कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रांत—सस्कैचेवान—में मौसम की स्थिति खराब रहने से विभिन्न फसलों की कटाई की गति पिछले वर्ष तथा पंचवर्षीय औसत की तुलना में धीमी देखी जा रही है।

प्रांतीय कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष 31 अगस्त तक सस्कैचेवान में 73 प्रतिशत क्षेत्र में मसूर, 66 प्रतिशत में मटर तथा 7 प्रतिशत क्षेत्र में चना (मुख्यतः काबुली) फसल की कटाई पूरी हुई। इस बार वहां दलहन फसलों की बुवाई कम क्षेत्रफल में हुई और औसत उपज दर में भी कमी आने के संकेत मिल रहे हैं। इससे कुल उत्पादन घटने की संभावना है, लेकिन पिछला बकाया स्टॉक ऊंचा होने से कुल उपलब्धता में ज्यादा गिरावट नहीं आएगी।

सस्कैचेवान में गत माह के अंत तक 74 प्रतिशत क्षेत्र में शीतकालीन गेहूं, 6 प्रतिशत में बसंतकालीन गेहूं, 20 प्रतिशत में ड्यूरम गेहूं, 88 प्रतिशत में राई, 25 प्रतिशत में सरसों, 1 प्रतिशत में अलसी, 7 प्रतिशत में सोयाबीन, 5 प्रतिशत में कैनोला, 32 प्रतिशत में जौ तथा 12 प्रतिशत क्षेत्र में जई की फसल काटी जा चुकी थी। मटर की उपज दर 39 बुशेल प्रति एकड़ आंकी जा रही है।