तेलंगाना में खरीफ फसलों की बिजाई गत वर्ष से आगे

09-Jul-2026 10:34 AM

हैदराबाद। धान, कपास एवं मक्का आदि के एक महत्वपूर्ण उत्पादक राज्य- तेलंगाना फिलहाल देश के उन गिने-चुने प्रांतों में शामिल है जहां खरीफ फसलों की बिजाई गत वर्ष से आगे चल रही है। वहां 8 जुलाई 2026 तक खरीफ फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 55.32 लाख एकड़ पर पहुंच गया जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 52.04 लाख एकड़ से 3.28 लाख एकड़ ज्यादा है। राज्य में विभिन्न फसलों की बिजाई अभी जारी है। 

राज्य कृषि विभाग के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले साल के मुकाबले चालू खरीफ सीजन के दौरान तेलंगाना में धान का उत्पादन क्षेत्र 3.64 लाख एकड़ से बढ़कर 4.22 लाख एकड़ पर पहुंचा मगर मक्का का रकबा 4.97 लाख एकड़ से घटकर 2.84 लाख एकड़ तथा ज्वार का बिजाई क्षेत्र 27 हजार एकड़ से गिरकर 15 हजार एकड़ रह गया। 

दलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र इसी अवधि में 3.52 लाख एकड़ से सुधरकर 3.67 लाख एकड़ पर पहुंचा। इसके तहत तुवर का बिजाई क्षेत्र 3.11 लाख एकड़ से बढ़कर 3.19 लाख एकड़, मूंग का क्षेत्रफल 31 हजार एकड़ से सुधरकर 36 हजार एकड़ तथा उड़द का रकबा 9 हजार एकड़ से सुधरकर 11 हजार एकड़ हो गया। तिलहन फसलों में सोयाबीन का उत्पादन क्षेत्र 2.75 लाख एकड़ से बढ़कर 3.35 लाख एकड़ पर पहुंचा जबकि कपास का रकबा भी 34.59 लाख एकड़ से उछलकर 39.44 लाख एकड़ पर पहुंच गया।