News Capsule/न्यूज कैप्सूल: चीनी की बढ़ती कीमतों पर सरकार सख्त, अगस्त में चीनी मिलों का होगा भौतिक स्टॉक सत्यापन
27-Jul-2026 03:11 PM
News Capsule/न्यूज कैप्सूल: चीनी की बढ़ती कीमतों पर सरकार सख्त, अगस्त में चीनी मिलों का होगा भौतिक स्टॉक सत्यापन
★ चीनी की कीमतों में हालिया तेज़ी के बाद केंद्र सरकार ने देशभर की चीनी मिलों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कराने का फैसला किया है। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि 1 से 14 अगस्त के बीच चीनी मिलों का निरीक्षण किया जाएगा और स्टॉक तथा बिक्री के रिकॉर्ड का मिलान किया जाएगा।
★ निरीक्षण दल में केंद्र सरकार के चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय तथा संबंधित राज्य सरकारों के अधिकारी शामिल होंगे।
सरकार ने सभी चीनी मिलों को निर्देश दिया है कि वे सभी बिक्री और डिस्पैच का सही रिकॉर्ड रखें तथा निरीक्षण के दिन उपलब्ध वास्तविक स्टॉक का विवरण रिकॉर्ड से पूरी तरह मेल खाना चाहिए।
★ सरकार ने कहा है कि जून 2026 के लिए मिलों द्वारा जमा किए गए P-2 रिटर्न में दर्शाए गए स्टॉक को आधार मानकर सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद जुलाई के दौरान हुई बिक्री और डिस्पैच को समायोजित कर वास्तविक स्टॉक का मिलान किया जाएगा।
★ सरकार जुलाई माह के बिक्री आंकड़ों का मिलान जीएसटी (GST) डेटा से भी करेगी। यदि बिक्री रिकॉर्ड, जीएसटी डेटा और वास्तविक स्टॉक में कोई अंतर पाया जाता है तो इसे गंभीर उल्लंघन माना जाएगा।
★ यदि भौतिक सत्यापन के दौरान जून के आधार स्टॉक, जुलाई की बिक्री और निरीक्षण के दिन उपलब्ध वास्तविक स्टॉक में अंतर पाया जाता है तो इसे शुगर कंट्रोल ऑर्डर का उल्लंघन माना जाएगा।
★ ऐसी मिलों को अक्टूबर महीने का बिक्री कोटा आवंटित नहीं किया जा सकता और उनके खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
★ पिछले कुछ सप्ताह में चीनी की कीमतों में 15 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई है। संभावित आपूर्ति संकट की आशंका के चलते घबराहट में खरीद बढ़ी, जबकि कमजोर मानसून ने भी बाजार में मौसम संबंधी प्रीमियम जोड़ दिया।
★ 1 जून से 24 जुलाई के दौरान देश में सामान्य से लगभग 16 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई, जिससे आगामी गन्ना उत्पादन को लेकर भी चिंता बढ़ी है।
सरकार हर महीने चीनी मिलों के लिए अधिकतम बिक्री कोटा तय करती है, ताकि बाजार में आपूर्ति और कीमतों के बीच संतुलन बना रहे तथा मिलों को गन्ना किसानों का भुगतान करने में सहायता मिले।
★ जुलाई 2026 के लिए सरकार ने 22 लाख टन चीनी बिक्री की अनुमति दी थी। अब बाजार को उम्मीद है कि अगले सप्ताह घोषित होने वाला अगस्त का बिक्री कोटा जुलाई से अधिक रखा जा सकता है, ताकि बाजार में आपूर्ति बढ़ाकर कीमतों पर नियंत्रण किया जा सके।
