तेलंगाना में 15 लाख टन मक्का की खरीद का फैसला

25-Apr-2026 11:15 AM

हैदराबाद। थोक मंडी भाव घटकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से नीचे आने के कारण किसानों को हो रहे आर्थिक नुकसान को देखते हुए तेलंगाना सरकार ने कुल अनुमानित उत्पादन 43.20 लाख टन के कम से कम एक तिहाई मक्का की खरीद करने का निर्णय लिया है। 

इस बार केन्द्र सरकार ने मक्का का एमएसपी 2400 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। राज्य सरकार ने इस एमएसपी पर 14.89 लाख टन मक्का खरीदने का फैसला किया है जिस पर 4173 करोड़ रुपए का खर्च बैठने का अनुमान है।

राज्य मंत्रिमंडल ने मक्का की खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। राज्य सरकार तेलंगाना स्टेट को ऑपरेटिव  मार्केटिंग फेडरेशन (टी एस मार्कफेड) को मक्का की खरीद के लिए आवश्यक फंड उगाहने में सहायता प्रदान करने हेतु गारंटी देने पर भी सहमत हो गई है। 

तेलंगाना में करीब 7 लाख हेक्टेयर में मक्का की खेती हुई और इसकी औसत उपज दर 65.66 क्विंटल प्रति हेक्टेयर दर्ज की गई। वह देश के शीर्ष मक्का उत्पादक राज्यों की सूची में शामिल होने का प्रयास कर रहा है। तेलंगाना की मंडियों में मक्का का औसत भाव 1600 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा है।