गेहूं खरीद के लक्ष्य में 42 लाख टन की वृद्धि

25-Apr-2026 12:36 PM

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने चालू रबी मार्केटिंग सीजन के लिए गेहूं की खरीद का लक्ष्य 303 लाख टन से 42 लाख टन बढ़ाकर अब 345 लाख टन नियत कर दिया है। इसके तहत खरीद का लक्ष्य मध्य प्रदेश में 78 लाख टन से 22 लाख टन बढ़ाकर 100 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 10 लाख टन से 15 लाख टन बढ़ाकर 25 लाख टन,

राजस्थान में 21 लाख टन से 2.50 लाख टन बढ़ाकर 23.50 लाख टन तथा बिहार में 18 हजार टन से बढ़ाकर 1.80 लाख टन निर्धारित किया गया है। इसके अलावा उत्तराखंड में भी अब 5 हजार टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य नियत किया गया है जबकि पहले यह 1 हजार टन था। 

पंजाब एवं हरियाणा सहित अन्य उत्पादक राज्यों के लिए गेहूं की खरीद के लक्ष्य में कोई बदलाव नहीं किया गया है मगर केन्द्रीय खाद्य सचिव का कहना है कि तीन साल के अंतराल के बाद इस वर्ष दिल्ली में गेहूं की थोड़ी-बहुत खरीद हो सकती है। गेहूं की खरीद का लक्ष्य पंजाब में 122 लाख टन, हरियाणा में 72 लाख टन,

गुजरात में 4 हजार टन, हिमाचल प्रदेश में 3 हजार टन एवं जम्मू कश्मीर में 1 हजार टन निर्धारित है। पंजाब एवं हरियाणा में गेहूं की खरीद गत वर्ष से ज्यादा हो रही है जबकि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान में पिछले साल से कम गेहूं खरीदा गया है।