सोयाबीन का वैश्विक उत्पादन 44.20 करोड़ टन पर पहुंचने का अनुमान

22-May-2026 05:36 PM

ब्रासीलिया। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन तेजी से बढ़कर नए-नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहा है क्योंकि किसानों को इससे शानदार आमदनी प्राप्त हो रही है।

इसके अलावा अमरीका अर्जेन्टीना तथा चीन आदि देशों में भी सोयाबीन की पैदावार में सुधार आ रहा है जबकि भारत में अगला उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है। 

इसे देखते हुए इंटरनेशनल ग्रेन्स कौंसिल (आईजीसी) ने 2026-27 के मार्केटिंग सीजन में सोयाबीन का कुल वैश्विक उत्पादन 2025-26 सीजन के मुकाबले 3 प्रतिशत बढ़कर 44.20 करोड़ टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है।

अमरीका में सोयाबीन की बिजाई आरंभ हो चुकी है जबकि ब्राजील तथा अर्जेन्टीना में बिजाई सितम्बर-अक्टूबर में शुरू होगी।

आईजीसी ने सोयाबीन की वैश्विक खपत भी बढ़कर 44.50 करोड़ टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है। इससे वैश्विक बकाया स्टॉक पर दबाव बढ़ेगा और यह 7.60 करोड़ टन रह सकता है। सोयाबीन का वैश्विक कारोबार 19 करोड़ टन होने की संभावना है जिसमें से करीब 50 प्रतिशत का आयात चीन द्वारा किया जा सकता है।