स्टॉक की बिक्री बढ़ाने हेतु सीसीआई द्वारा रूई के दाम में कटौती

26-Feb-2026 03:16 PM

मुम्बई। किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी गई कपास के विशाल स्टॉक की बिक्री बढ़ाने हेतु भारतीय कपास निगम (सीसीआई) द्वारा पुनः रूई के निर्यात मूल्य में कटौती की गई है। इस बार यह कटौती 700 से 1100 रुपए प्रति कैंडी (356 किलो) तक की गई है। 

किसानों से एमएसपी पर कपास की सरकारी खरीद 98.90 लाख गांठ (170 किलो की प्रत्येक गांठ) पर पहुंच चुकी है जबकि महाराष्ट्र एवं कर्नाटक जैसे राज्यों में कहीं-कहीं इसकी खरीद की प्रक्रिया अभी जारी है। इसके फलस्वरूप कुल सरकारी खरीद 100 लाख गांठ से ऊपर पहुंच जाने की संभावना है। 

पिछले दो सप्ताह के अंदर निगम को दूसरी बार रूई का बिक्री मूल्य घटाना पड़ा है। इससे पूर्व 10 फरवरी 2026 को रूई के दाम में 1400-1700 रुपए प्रति कैंडी की कटौती की गई थी। दरअसल मंडी भाव नरम पड़ने से सीसीआई की रूई की खरीद में मिलर्स एवं व्यापारियों की दिलचस्पी घट गई इसलिए बाजार भाव के साथ ताल मेल बनाए रखने के लिए निगम को कीमतों में कटौती करनी पड़ रही है। 

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार खुले बाजार में रूई अपेक्षाकृत सस्ते दाम पर उपलब्ध है जिससे उसमें बेहतर कारोबार हो रहा है। हालांकि कर्नाटक जैसे राज्यों में कपास की आवक नगण्य हो रही है लेकिन तेलंगाना के कुछ भागों, महाराष्ट्र तथा गुजरात जैसे प्रांतों में इसकी सामान्य आपूर्ति जारी है और उसकी अच्छी खरीद - बिक्री भी हो रही है।