सामान्य कारोबार के बीच कनाडा में लाल मसूर का भाव नरम

26-Feb-2026 04:07 PM

सस्काटून। पश्चिम कनाडा में सामान्य कारोबार के बीच लाल मसूर का प्लांट डिलीवरी मूल्य 1 सेंट की जो गिरावट के साथ 25 सेंट प्रति पौंड पर आ गया जबकि नम्बर 2 क्वालिटी की मोटी हरी मसूर का एफओबी फार्म मूल्य 25-26 सेंट प्रति पौंड के पूर्व स्तर पर स्थिर रहा। अन्य किस्मों एवं श्रेणियों की मसूर के दाम में मामूली उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। 

कनाडा में मसूर की बिजाई का समय जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है वैसे-वैसे किसानों की सक्रियता भी बढ़ती जा रही है। इसी तरह अगली फसल की खरीद-बिक्री के लिए मसूर का अग्रिम अनुबंध आरंभ हो गया है। मसूर की बिजाई अप्रैल में तथा कटाई अगस्त में आरंभ होगी। 

ऑस्ट्रेलिया में मसूर का भारी-भरकम निर्यात योग्य अधिशेष स्टॉक अभी मौजूद है और भारत समेत अनेक देशों में अच्छी मात्रा में इसका शिपमेंट भी हो रहा है। अगले महीने से भारत में मसूर सहित अन्य रबी दलहनों के नए माल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। कीमतों में काफी हद तक स्थिरता का माहौल बना हुआ है।

रूस और कजाकिस्तान की मसूर का दबाव भी कायम है। कनाडा में इस बार मसूर का दाम किसानों के लिए ज्यादा आकर्षक नहीं रहा इसलिए वहां इसके बिजाई क्षेत्र में कुछ गिरावट आने की संभावना व्यक्त की जा रही है।