सस्कैचवान में 7 सितम्बर तक महज 27 प्रतिशत क्षेत्र में फसलों की कटाई पूरी

11-Sep-2026 01:15 PM

सस्काटून। कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान में नियमित रूप से हो रही वर्षा के कारण विभिन्न फसलों की कटाई-तैयारी में काफी बाधा पड़ रही है। कृषि विभाग के अनुसार प्रांतीय स्तर पर इस वर्ष 1 अगस्त से 7 सितम्बर तक केवल 27 प्रतिशत क्षेत्र में फसलों की कटाई संभव हो सकी जो इसके पंचवर्षीय औसत 58 प्रतिशत एवं दस वर्षीय औसत 50 प्रतिशत से काफी कम है। 

कृषि विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक सस्कैचवान में चालू मार्केटिंग सीजन के दौरान 7 सितम्बर 2026 तक शीतकालीन गेहूं की 87 प्रतिशत, फॉल राई की 94 प्रतिशत, जौ की 41 प्रतिशत, ड्यूरम गेहूं की 38 प्रतिशत, वसंतकालीन गेहूं की 13 प्रतिशत, जई की 14 प्रतिशत तथा कैनेरी सीड की 11 प्रतिशत फसल काटी गई।

इसी तरह तिलहन फसलों में सरसों की  50 प्रतिशत, अलसी की 3 प्रतिशत, सोयाबीन की 7 प्रतिशत तथा कैनोला की 9 प्रतिशत फसल की कटाई पूरी हुई। दलहन फसलों में 84 प्रतिशत क्षेत्र में मसूर तथा 79 प्रतिशत क्षेत्र में मटर की फसल काटी जा चुकी थी जबकि चना (काबुली) की फसल केवल 24 प्रतिशत क्षेत्र में काटी गई। कटाई के दौरान ही वर्षा होने लगी।