मुनाफावसूली से चना कमजोर, लेकिन बड़ी गिरावट की संभावना कम
11-Sep-2026 12:48 PM
बढ़े भावों पर मुनाफावसूली बिक्री बढ़ने तथा लिवाली कमजोर पड़ने से आज चना की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। कमजोर मांग के दबाव में दिल्ली चना बाजार में 100रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट रही। गिरावट के बाद दिल्ली में मध्य प्रदेश लाइन चना के भाव 6,500/6,525 रुपए प्रति क्विंटल तथा राजस्थान लाइन के भाव 6,600रुपए प्रति क्विंटल रह गए।
इसी प्रकार, देश की अन्य प्रमुख मंडियों में भी चना के भाव में 50 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी दर्ज की गई। पिछले दिनों की तेजी के बाद ऊंचे भाव पर स्टॉकिस्टों एवं व्यापारियों की ओर से मुनाफावसूली बढ़ने से बाजार पर दबाव बना, जबकि कमजोर लिवाली के कारण भावों में करेक्शन देखने को मिला।
हालांकि, उत्पादक मंडियों में चना की आवक सीमित बनी हुई है, जिससे बाजार में घरेलू आपूर्ति पर्याप्त नहीं है। दूसरी ओर, आयातित चना की आयात पड़ताल महंगी पड़ रही है, जिसके कारण आयातित चना में डिस्पैरिटी अधिक बनी हुई है। महंगे आयात के चलते आयातित माल की प्रतिस्पर्धात्मकता प्रभावित हो रही है और घरेलू बाजार को इससे समर्थन मिल रहा है।
बाजार में मौजूदा गिरावट को फिलहाल तेजी के बाद आया करेक्शन माना जा रहा है। सीमित घरेलू आवक, महंगे आयात और आयातित चना में अधिक डिस्पैरिटी को देखते हुए चना की कीमतों में बड़ी गिरावट की संभावना कम दिखाई दे रही है। आगे निचले स्तरों पर मांग निकलने तथा घरेलू आपूर्ति की स्थिति बाजार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण रहेगी।
