सूरजमुखी तेल के आयात में अब तक 2 लाख टन से अधिक की बढ़ोत्तरी
15-May-2024 08:56 PM
मुम्बई । चालू मार्केटिंग सीजन की पहली छमाही में यानी नवम्बर 2023 से अप्रैल 2024 के दौरान सूरजमुखी तेल का कुल आयात बढ़कर 15.87 लाख टन पर पहुंच गया जो 2022-23 सीजन की समान अवधि के आयात 13.67 लाख टन से 2.20 लाख टन ज्यादा है।
हालांकि मार्च में इसका आयात तेजी से उछलकर 4.46 लाख टन से शीर्ष स्तर पर पहुंचा था जब रूस एवं यूक्रेन के अलावा रोमानिया से विशाल मात्रा में इसे मंगाया गया था।
रोमानिया भी काला सागर क्षेत्र में स्थित रूस-यूक्रेन एक पड़ोसी देश है। अप्रैल में सूरजमुखी तेल का आयात घटकर 2.35 लाख टन के सामान्य स्तर पर आ गया।
इससे पूर्व फरवरी में 2.97 लाख टन तथा जनवरी में 2.20 लाख टन सूरजमुखी तेल का आयात हुआ था जबकि इसकी मात्रा दिसम्बर 2023 में 2.61 लाख टन तथा नवम्बर में 1.29 लाख टन रही थी। भारत में मुख्यत: क्रूड सूरजमुखी तेल मंगाया जाता है।
रूस, यूक्रेन एवं रोमानिया के साथ-साथ भारत में अर्जेन्टीना से भी सूरजमुखी तेल का आयात होता है। नवम्बर 2023 से अप्रैल 2024 की छमाही के दौरान भारत में रूस से सर्वाधिक 6.27 लाख टन सूरजमुखी तेल मंगाया गया।
इसके बाद रोमानिया से 5.21 लाख टन, अर्जेन्टीना से 1.77 लाख टन, यूक्रेन से 1.70 लाख टन, ब्राजील से 4500 टन तथा अन्य देशों से 88 हजार टन सूरजमुखी तेल का आयात किया गया।
भारत में 2021-22 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन (नवम्बर-अक्टूबर) में करीब 19.44 लाख टन सूरजमुखी तेल का आयात हुआ था जबकि 2020-21 के सीजन में इसकी मात्रा 18.94 लाख टन के करीब रही थी।
सूरजमुखी तेल का आयात 2019-20 के सीजन में 25.19 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंचा था जो 2018-19 के आयात 23.51 लाख टन से भी काफी अधिक था।
इस वर्ष फरवरी-मार्च में पाम तेल एवं सोया तेल के मुकाबले सूरजमुखी तेल का वैश्विक बाजार भाव काफी आकर्षक रहा था जिससे इसकी खरीद में भारतीय रिफाइनर्स की रूचि काफी बढ़ गई और तदनुरूप इसके आयात में भारी बढ़ोत्तरी हो गई।
