साप्ताहिक समीक्षा - धनिया

04-Apr-2026 07:25 PM

धनिया कीमतों में रिकॉर्ड तेजी 

नई दिल्ली। चालू सप्ताह के दौरान धनिया की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी दर्ज की गई। उल्लेखनीय है कि विगत तीन वर्षों से देश में धनिया का उत्पादन घटने एवं बकाया स्टॉक भी कम रह जाने के कारण हाल ही में धनिया के दामों में 18/20 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की गई है। मगर सूत्रों का कहना है कि अभी तक अधिकांश उत्पादक केन्द्रों की मंडियों में अवकाश चल रहा था। लेकिन आगामी सप्ताह से सभी मंडियों में व्यापार शुरू हो जाएगा। जिस कारण से मंडियों में आवक बढ़ेगी। हो सकता है भावों में कुछ गिरावट आए। क्योंकि भाव काफी ऊंचे होने के कारण किसान अधिकांश माल की बिकवाली करेगा। 
उत्पादन 
चालू सीजन के दौरान देश में धनिया का उत्पादन 95/97 लाख बोरी होने के अनुमान लगाए जा रहे है जबकि वर्ष 2025 में उत्पादन 1.10 करोड़ बोरी एवं वर्ष 2024 में उत्पादन 1.20 करोड़ बोरी का रहा था। वर्ष 2023 में रिकॉर्ड उत्पादन 1.60 लाख बोरी का माना गया है। धनिया का मुख्यतः उत्पादन मध्य प्रदेश, गुजरात एवं राजस्थान में होता है। 
कीमतों में तेजी 
हालांकि उत्पादक केन्द्रों पर अवकाश होने के कारण अधिकांश मंडियां बंद रही। लेकिन सप्ताह के अंतिम दो दिन व्यापार शुरू होने के पश्चात कीमतों में अच्छी तेजी दर्ज की गई। क्योंकि वायदा में भाव दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे हैं चालू सप्ताह के दौरान उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर धनिया ईगल का भाव 125/130 रुपए एवं बादामी 115/120 रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर बोला जाने लगा है। वर्तमान स्थिति का देखते हुए सूत्रों का मानना है कि चालू सीजन के दौरान कभी भी धनिया ईगल का भाव 150 रुपए का स्तर छू सकता है। बशर्तें आगामी दिनों में आयात न हो।
मुनाफावली बिकवाली संभव 
सूत्रों का कहना है कि लगातार भाव बढ़ने के कारण संभावना व्यक्त की जा रही है कि आगामी दिनों में बाजार में मुनाफावसूली की बिकवाली आ सकती है। जिस कारण से अल्पकाल के लिए कीमतों में 5/8 रुपए की गिरावट आ सकती है। लेकिन तत्पश्चात कीमतों में फिर तेजी बननी शुरू हो जाएगी। क्योंकि खपत की तुलना में कुल उपलब्धता कम रहेगी। एक अनुमान के अनुसार निर्यात एवं लोकल खपत को द्वारा करने के लिए लगभग 1.40/1.50 बोरी की आवश्यकता होती है लेकिन नई पैदावार एवं पुराना स्टॉक को मिलाकर कुल उपलब्धता 1.20/1.25 करोड़ बोरी की रहेगी। 
निर्यात 
मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार चालू वित्त वर्ष 2025-26 के प्रथम 10 माह में धनिया का निर्यात 5 प्रतिशत बढ़ा है जबकि आय में 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। अप्रैल जनवरी- 2026 के दौरान धनिया का निर्यात 52006 टन का रहा और निर्यात से प्राप्त आय 570.29 करोड़ की रही। जबकि अप्रैल जनवरी- 2025 के दौरान धनिया का निर्यात 49396 टन का रहा था और निर्यात से प्राप्त आय 520.21 करोड़ की रही। वर्ष 2024-25 (अप्रैल-मार्च) के दौरान धनिया का कुल निर्यात 60330 टन का रहा था। वर्ष 2023-24 में धनिया का रिकॉर्ड निर्यात 108624 टन का हुआ था।