Home News

साप्ताहिक समीक्षा- धान- चावल

10-Oct-2026 09:17 PM

साप्ताहिक समीक्षा- धान- चावल
मांग एवं आपूर्ति के अनुरूप धान-चावल की कीमतों में उतार-चढ़ाव 

नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में 'ए' ग्रेड तथा बासमती (खासकर 1509 हैण्ड एवं कम्बाइन) धान की आपूर्ति तेजी से बढ़ती जा रही है। राइस मिलर्स, व्यापारियों एवं निर्यातकों की मांग एवं लिवाली के अनुरूप कहीं इसका भाव तेज तो कहीं नरम चल रहा है। 
निर्यात शिपमेंट 
बासमती चावल के निर्यात शिपमेंट में कुछ समस्याएं आ रही हैं क्योंकि होर्मुज स्ट्रेट तथा बाब अल मंदेब का जलमार्ग काफी हद तक असुरक्षित हो गया है जिससे खाड़ी क्षेत्र के देशों में बासमती चावल का निर्यात करने में थोड़ी कठिनाई हो रही है। वैसे 'ए' ग्रेड तथा सामान्य श्रेणी के चावल का निर्बाध शिपमेंट हो रहा है। घरेलू प्रभाग में चावल की मांग मजबूत बनी हुई है।  
दिल्ली 
3-9 अक्टूबर वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में रोजाना 50 हजार से एक लाख बोरी के बीच धान आया जबकि नजफगढ़ में इसकी मात्रा 5-7 हजार बोरी की रही। 
छत्तीसगढ़ 
छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा एवं राजिम मंडी में क्रमश: 3500-4500 बोरी एवं 2500-3000 बोरी धान की आवक हुई जबकि पंजाब के अमृतसर में इसकी मात्रा बढ़ते हुए एक लाख बोरी तक पहुंच गई। 
पंजाब 
पंजाब के फाजिल्का एवं तरन तारन में भी धान की अच्छी आवक हो रही है। उत्तर प्रदेश की अनेक मंडियों में भारी मात्रा में धान पहुंचने लगा है जिसमें एटा, मैनपुरी, जहांगीराबाद, शाजहांपुर, अलीगढ़ एवं खैर आदि मंडियां शामिल हैं। इसी तरह हरियाणा की प्रमुख मंडियों में नया धान तेजी से आने लगा है और इसकी अच्छी खरीद-बिक्री भी हो रही है। 
चावल 
जहां तक चावल का सवाल है तो इसका कारोबार भी बेहतर हो रहा है जिससे कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल बना हुआ है। अधिकांश केन्द्रों में चावल की स्थानीय एवं दिसावरी मांग बनी हुई है। आमतौर पर कीमत मजबूत है लेकिन कहीं-कहीं इसमें नरमी भी देखी जा रही है। 
अमृतसर / उत्तराखंड  
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान अमृतसर में मिश्रित रुख देखा गया। उत्तराखंड   की प्रसिद्ध नगर मंडी में चावल की विभिन्न किस्मों एवं श्रेणियों के दाम में 100 से 500 रुपए प्रति क्विंटल तक की भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई लेकिन हरियाणा की बेंचमार्क करनाल मंडी में चावल का भाव अपेक्षाकृत नरम रहा दिल्ली के नया बाजार में स्थिरता देखी गई।