कमजोर बिकवाली और मजबूत मांग से मूंग में तेजी, सीमित आवक से बाजार को समर्थन
घरेलू बाजार में मूंग की कीमतों में तेजी का रुख बना हुआ है। चालू सप्ताह के दौरान किसानों की कमजोर बिकवाली, उत्पादक मंडियों में नई फसल की सीमित आवक तथा दाल मिलों और स्टॉकिस्टों की मजबूत मांग से बाजार को समर्थन मिला है। मंडियों में आवक का दबाव अपेक्षित स्तर पर नहीं बनने से मूंग की उपलब्धता सीमित बनी हुई है। मानसूनी बारिश की कमी के कारण कई उत्पादक क्षेत्रों में मूंग की प्रति हेक्टेयर उत्पादकता प्रभावित होने की आशंका है। इससे चालू खरीफ सीजन के कुल उत्पादन पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक उत्पादन का आकलन फसल की स्थिति और नई आवक के आंकड़े सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। दूसरी ओर, दाल मिलों की खरीद लगातार बनी रहने और स्टॉकिस्टों की सक्रियता से बाजार में मांग को बल मिल रहा है। सीमित आपूर्ति और मजबूत मांग के कारण कीमतों में तेजी को सहारा मिल रहा है। आगे भी मूंग बाजार की चाल मुख्य रूप से नई फसल की आवक, किसानों की बिकवाली और दाल मिलों की खरीद पर निर्भर करेगी। यदि आवक कमजोर रहती है और मांग में मजबूती बनी रहती है, तो कीमतों को समर्थन मिल सकता है। हालांकि, सरकारी स्टॉक से आपूर्ति बढ़ने या नई फसल की आवक तेज होने पर बाजार में उतार-चढ़ाव संभव है। मजबूत दाल मिलर्स मांग के चलते दिल्ली मूंग में इस सप्ताह 300 रुपए प्रति क्विंटल का जोरदार उछाल दर्ज किया गया और भाव उछलकर 7800/8800 रुपए प्रति क्विंटल हो गए।
राजस्थान
उत्पादक मंडियों में आवक का दबाव न बन पाने व स्टाकिस्टों की सक्रियता बढ़ने से चालू साप्ताह के दौरान राजस्थान मूंग की कीमतों में 300/500 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी दर्ज की गयी और इस बढ़ोतरी के साथ भाव जोधपुर 7600/8750 रुपए जयपुर 7400/8300 रुपए मेड़ता 8000/9200 रुपए नागौर 8000/9000 रुपए व किशनगढ़ 7700/8700 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी।
मध्य प्रदेश
लिवाली बढ़ने से चालू साप्ताह के दौरान मध्य प्रदेश मूंग की कीमतों में 200/300 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी देखी गयी और सप्ताहांत में भाव पिपरिया 6000/8200 रुपए इंदौर 8500/8७00 रुपए जबलपुर 5000/8200 रुपए व करेली 3000/8400 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी।
महाराष्ट्र
मांग मजबूत बबनी रहने से चालू सप्ताह के दौरान महाराष्ट्र मूंग की कीमतों में 200/300 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार दर्ज किया गया और सप्ताहांत में भाव लातुर 8000/10300 रुपए अकोला 7400/9550 रुपए ,बार्शी 8500/10000 रुपए,अहमदनगर 9000/11000 रुपए जलगांव 7000/8000 रुपए व खामगाव 8000/94000 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी।
अन्य
लिवाली बेहतर होने से ललितपुर मूंग की कीमतों में इस साप्ताह 100 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गयी और इस तेजी के साथ भाव सप्ताहंत में 6800/7300 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी।
मूंग दाल
मूंग की तेजी के समर्थन व लिवाली बेहतर बनी रहने से चालू साप्ताह के दौरान मूंग दाल की कीमतों में 300/600 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी देखी गयी और भाव सप्ताहांत में दिल्ली 10900/13800 रुपए जोधपुर 10300/10800 रुपए जयपुर 10100 रुपए भाटापारा 10300/11000 रुपए जलगांव 11000 रुपए व इंदौर 9600/10700 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी।