सामान्य कोटा के कारण चीनी बाजार में नरमी की संभावना कम
10-Jul-2026 06:24 PM
नई दिल्ली। चालू माह (जुलाई) के लिए केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने जो 22 लाख टन चीनी की घरेलू बिक्री का कोटा जारी किया है वह इसकी मांग एवं खपत को देखते हुए सामान्य प्रतीत होता है।
बेशक देश के विभिन्न भागों में मानसून की सक्रियता के कारण बारिश हो रही है लेकिन मौसम ज्यादा ठंडा नहीं हुआ है इसलिए आइसक्रीम एवं कोल्ड ड्रिंक्स निर्माण के लिए चीनी की मांग मजबूत बनी हुई है। घरेलू उपयोग के लिए भी चीनी की मांग देखी जा रही है।
उत्तरी कर्नाटक एवं तमिलनाडु में जुलाई-अगस्त के दौरान गन्ना क्रशिंग का विशेष सत्र आयोजित होता है और इस सेशन में 3-4 लाख टन तक चीनी का निर्माण हो जाता है।
लेकिन इस बार जून में वहां वर्षा का अभाव होने से गन्ना की फसल प्रभावित हुई जिससे चीनी का उत्पादन उम्मीद से कम होने की संभावना है। पहले माना जा रहा था कि 2025-26 के पूरे मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) में चीनी का कुल उत्पादन 280 लाख टन के आसपास पहुंच जाएगा लेकिन अब इसमें संदेह पैदा हो गया है।
2026-27 के सीजन में भी गन्ना एवं चीनी का उत्पादन घटने की संभावना है। उद्योग के पास चीनी का बकाया अधिशेष स्टॉक भी सीमित रहेगा। अगले महीने से त्यौहारी सीजन आरंभ होने वाला है। जून में चीनी का भाव 6-7 प्रतिशत तेज रहा। जुलाई में भी इसमें नरमी आने की संभावना बहुत कम है। इससे मिलों को राहत मिलेगी।
